ग्वालियर के स्टेशन बजरिया तिराहे पर रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार को रोकने पर विवाद हो गया। युवक ने पहले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से बहस की और उन्हें गालियां दीं।
इस दौरान ASI सोनेराम ने उसे चांटा मार दिया। जवाब में युवक ने भी ASI को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद आरक्षक अंकित शर्मा ने पाइप से युवक की पिटाई कर दी। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। वीडियो मंगलवार को सामने आया।
रॉन्ग साइड आने पर पुलिस ने रोका तो बहस की
पुलिस के मुताबिक, स्टेशन बजरिया तिराहे पर चेकिंग के दौरान ASI सोनेराम ने रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार को रोका था। इस पर युवक बहस करने लगा। उसने पुलिसकर्मियों को गालियां देते हुए कहा- 'तुम हमारे नौकर हो, हमारे ही पैसों से तुम्हारी नौकरी चलती है और वेतन मिलता है।'
ASI को थप्पड़ पड़ते ही मौजूद आरक्षक ने पीटा
बहस के दौरान ASI ने युवक को चांटा मार दिया। इस पर युवक ने भी ASI को थप्पड़ जड़ दिया। तभी पास में मौजूद आरक्षक अंकित शर्मा ने पाइप से युवक की पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस ने बाइक जब्त की, युवक पर मामला दर्ज
हंगामे की सूचना पर पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

