भोपाल। लोक निर्माण विभाग ने बीआरटीएस लेन से जालियां हटाने का काम तेज कर दिया है। हलालपुर से इसाई कब्रिस्तान तक जालियां निकालने क साथ ही बीच के हिस्से में सिंगल डिवाइडर भी बनाया जा रहा है। जालियां निकालने के बाद सीमेंट के बेस को भी तोड़ दिया गया है। बेस तोड़ने से खराब हुए हिस्से पर डामरीकरण किया जा रहा है।
सीमेंट बेस उखाड़कर बिछा रहे डामर की परत
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के निर्देश पर राजधानी भोपाल में बीआरटीएस कारिडोर हटाया जा रहा है। लालघाटी से हलालपुर तक तक का हिस्सा पहले ही हटाया जा चुका है। हलालपुर से सीहोर नाके तक लेन हटाने का काम लोक निर्माण विभाग को दिया गया है। विभाग ने जालियां निकालने के साथ इसकी शुरूआत की है। बुधवार को काम तेज कर दिया गया। इसाई कब्रिस्तान तक लेने के दोनों छोर तक की लगभग सभी जालियां निकाल ली गई हैं। सीमेंट बेस उखाड़कर यहां डामर की परत बिछाई जा रही है।
सीवेज पंप हाऊस तक सिंगल डिवाइडर
बीआरटीएस लेन बनने से पहले लालघाटी से सीहोर नाके तक सिंगल डिवाइडर था। अब फिर से सिंगल डिवाइडर बनाने का प्रस्ताव है। मेन रोड पर एलिवेटेड ब्रिज बनाने का भी प्रस्ताव है। ब्रिज का एंट्री प्वाइंट टी वार्ड नाके पास स्थित सीवेज पंप हाऊस के पास होगा। इसे देखते हुए फिलहाल हलालपुर से पंप हाऊस तक ही सिंगल डिवाइडर बनाने का प्रस्ताव है। एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण सिंगल पिलर योजना के तहत होगा। पिलर बनने के बाद मेन रोड पर सेफ्टी डिवाइडर बनाने का प्रस्ताव है।
बैरागढ़ मेन रोड पर एलिवेटेड ब्रिज बनाने का प्रस्ताव है इसे देखते हुए फिलहाल हलालपुर से सीवेज पंप हाऊस तक बीच के हिस्से में डिवाइडर बनाया जा रहा है। जल्द ही काम पूरा होगा। ब्रिज बनने के बाद मेन रोड पर अलग डिवाइडर बनाने पर विचार होगा।
- रवि शुक्ला, ओएसडी, पीडब्ल्यूडी











