कपिल शर्मा के शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' में नजर आनेवालीं उपासना सिंह ने इंडस्ट्री के कड़वे सच की कहानी सुनाई है। उन्होंने कुछ किस्से सुनाए हैं और सवाल किया है कि इंडस्ट्री ने इंसानियत को कैसे नजरअंदाज कर दिया है। उन्होंने फिल्म सेट पर काम करने के अनसेफ वर्किंग कंडिशन में काम करने वालों के हालात और पेमेंट में देरी के कारण कई एक्टर्स को होने वाली पैसे की तंगी के बारे में भी बात की है। एक्ट्रेस ने बताया है कि एक कॉमेडी रियलिटी शो में वो जज थीं और एक डिस्टर्ब करने वाली घटना घटी थी। उन्होंने भूख से बेहोश हुए कंटेस्टेंट से लेकर इस मौके पर मेडिकल सुविधा मुहैया करने के बजाय इसे शूट करने वाले प्रड्यूसर को लेकर भी बात की।
उपासना सिंह ने रियलिटी शो के दौरान एक कंटेस्टेंट के बेहोश होने की घटना को याद किया। उन्होंने बताया कि तब एक कंटेस्टेंट को वैन में ले जाया गया और फिर जो हुआ उसे देखकर वो दंग रह गई थीं।
'मेकर्स उनसे पूछना चाहते थे कि क्या वह भूख से गिर गए थे?'
उपासना सिंह ने वो किस्सा याद करते हुए बताया कि उस कंटेस्टेंट के लिए डॉक्टर का इंतजाम या इलेक्ट्रल पाउडर जैसी बेसिक चीज मंगाने के बजाय, प्रड्यूसर चाहते थे कि कंटेस्टेंट की हालत रिकॉर्ड करने के लिए तुरंत कैमरा लाया जाए। उपासना सिंह ने कहा कि मेकर्स उनसे पूछना चाहते थे कि क्या वह भूख से गिर गए थे? और ऑडियंस के लिए उनकी तकलीफ को वे कैमरे में कैप्चर करना चाहते थे, न कि उस वक्त उनके लिए जूस या खाने का इंतजाम करना चाहते थे।
'मैं सोचती रही कि हम इतने नीचे गिर गए हैं कि हम इंसानियत भूल गए'
उपासना ने कहा, 'उस दिन मुझे बहुत बुरा लगा और मैं सोचती रही कि हम इतने नीचे गिर गए हैं कि हम इंसानियत भूल गए हैं? हम बस TRP पर ध्यान दे रहे हैं, हम उसके माता-पिता के बारे में नहीं सोच रहे हैं, अगर उसे कुछ हो गया तो क्या होगा?'
उस दिन मुझे बहुत बुरा लगा और मैं सोचती रही कि हम इतने नीचे गिर गए हैं कि हम इंसानियत भूल गए हैं? हम बस TRP पर ध्यान दे रहे हैं, हम उसके माता-पिता के बारे में नहीं सोच रहे हैं, अगर उसे कुछ हो गया तो क्या होगा?
उपासना सिंह
एक लाइटमैन ऊंचाई से गिर गया
एक्टर ने इसी बातचीत में एक और किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि एक लाइटमैन ऊंचाई से गिर गया और मौके पर ही मर गया। एक्ट्रेस ने उस घटना को याद करते हुए बताया कि टेक्नीशियन अक्सर लाइटिंग अरेंज करने के लिए ऊंचे प्लेटफॉर्म पर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म सेट पर बहुत अधिक गर्मी उनके काम करने के हालात को खास तौर पर मुश्किल बना देती है। उपासना ने याद करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे हालात में लोगों को मरते हुए देखा हैऔर मेकर्स मरे हुए इंसान को एक तरफ करके शूटिंग जारी रखा था।
'जब कोई एक्टर अचानक मर जाता है तो अगले ही दिन उसकी जगह कोई और'
उन्होंने कहा, 'मैं समझती हूं कि प्रोड्यूसर शूट में बहुत पैसा लगाते हैं और इसे रोकने से बहुत बड़ा नुकसान हो सकता है। लेकिन क्या वह इन्वेस्टमेंट इंसान की जान की कीमत से बड़ा है? यहां तक कि जब कोई एक्टर अचानक मर जाता है तो अगले ही दिन उसकी जगह कोई और ले आता है। मैं समझती हूं कि शो चलते रहना चाहिए और टेलीकास्ट के कमिटमेंट्स पूरे करने होते हैं, लेकिन कुछ चीजें सच में आपके दिल को चुभती हैं। वे मुझे यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि हम एक इंडस्ट्री के तौर पर क्या कर रहे हैं। क्या हमने इंसानियत की सारी समझ खो दी है?'
टेलीविजन सीरियल के लिए पेमेंट अक्सर 90 दिनों के बाद
उन्होंने कलाकारों को देर से मिलने वाले पेमेंट पर भी बातें कीं। उन्होंने बताया कि टेलीविजन सीरियल के लिए पेमेंट अक्सर 90 दिनों के बाद आते हैं। वहीं कुछ एक्टर्स को चार महीने या उससे भी अधिक वक्त तक इंतजार करना पड़ता है। ऐसे भी मामले होते हैं जब कोई शो ऑफ एयर हो जाता है और प्रोड्यूसर एक्टर्स से तय पेमेंट का आधा ही लेने को कहते हैं। बदले में वे ये दावा करते हैं कि उन्हें चैनल से सिर्फ इतना ही मिला है। उन्होंने कहा, 'सोचिए, कोई एक्टर मुंबई में अपने परिवार वालों के साथ रह रहा हो, तो वे कैसे मैनेज करते होंगे?'

