बॉलीवुड की मशहूर और दिवंगत एक्ट्रेस निम्मी के निधन के छह साल बाद उनकी संपत्ति को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। मुंबई पुलिस ने उनकी पूर्व केयरटेकर असारार इकबाल शेख के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने निम्मी की करोड़ों रुपये की संपत्ति, बैंक में जमा रकम और गहनों पर कथित तौर पर अपना कब्जा जमा लिया। जबकि दिवंगत एक्ट्रेस की ये संपत्ति उनके कानूनी वारिसों को मिलनी थी।
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सांताक्रूज पुलिस ने असरार इकबाल शेख के खिलाफ 11 नवंबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज की। बताया जा रहा है कि असारार साल 2003 से निम्मी के यहां काम कर रही थीं । वह एक्ट्रेस के निधन तक उनके साथ रहीं। आरोप है कि उन्होंने निम्मी के जुहू वाले दो फ्लैट, करीब 2 करोड़ रुपये की दो फिक्स्ड डिपॉजिट और कई कीमती गहनों को अपने नाम कर लिया है। उस समय उनकी वसीयत को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया भी चल रही थी।
शेख ने निम्मी के वारिस के साथ संपत्ति का बराबर बंटवारा करने का ऑफर
दर्ज FIR में यह भी आरोप है कि शेख ने अपने और निम्मी के वारिस के बीच संपत्ति का बराबर बंटवारा करने का ऑफर रखा था। जब ये ऑफर खारिज कर दिया गया, तो उसने कथित तौर पर परिवार का प्रतिनिधित्व करने के लिए ऑथराइज्ड शख्स मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी को धमकी दी। बॉम्बे हाई कोर्ट ने अभी तक निम्मी की वसीयत को वैलिडेट नहीं किया था।
निम्मी ने अपनी संपत्ति अपने गोद लिए बेटे अली सैयद परवेज के नाम की थी
दरअसल, निम्मी ने अपनी संपत्ति अपने गोद लिए बेटे अली सैयद परवेज के नाम की थी। इसमें दोनों फ्लैट, बैंक में जमा रकम और गहने शामिल थे। वसीयत के मुताबिक परवेज के निधन के बाद यह संपत्ति उनकी पत्नी और बच्चों को मिलनी थी। हालांकि, परवेज का भी दिसंबर 2020 में कोविड के कारण ब्रिटेन में निधन हो गया था।
निम्मी ने अपने पति के निधन के बाद अकेले रहना शुरू कर दिया था
बताया जाता है कि निम्मी ने अपने पति और मशहूर स्क्रीनराइटर अली रजा के निधन के बाद अकेले रहना शुरू कर दिया था। बढ़ती उम्र और इलाज के लिए बार-बार बाहर जाने में परेशानी के चलते उन्होंने अपने केयरटेकर के साथ जॉइंट बैंक अकाउंट खुलवाए थे। इससे असारार को उनके बैंक से जुड़े काम संभालने की जिम्मेदारी मिल गई थी।
संपत्ति वारिसों को सौंपने के बजाय खुद के कब्जे में रख ली
शिकायतकर्ता मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी का आरोप है कि निम्मी के निधन के बाद असारार ने उनकी संपत्ति वारिसों को सौंपने के बजाय खुद के कब्जे में रख ली। इतना ही नहीं, उन्होंने कथित तौर पर संपत्ति बेचकर रकम आपस में बराबर बांटने का ऑफर भी दिया था। जब इस ऑफर को ठुकरा दिया गया, तो उन्होंने दुर्रानी को धमकियां दीं।
दुर्रानी को पावर ऑफ अटॉर्नी दी थी
निम्मी की बहू सलमा नेकी परवीन ने भारत आकर कानूनी मामलों को संभालने में परेशानी होने के कारण दुर्रानी को पावर ऑफ अटॉर्नी दी थी, ताकि वह परिवार की तरफ से इस मामले को आगे बढ़ा सकें।
दिलीप कुमार और देव आनंद जैसे बड़े सितारों के साथ काम
बता दें कि निम्मी हिंदी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस रही थीं। उन्होंने साल 1949 में फिल्म 'बरसात' से फिल्मों में काम शुरू किया। अपने लंबे फिल्मी सफर में उन्होंने राज कपूर, दिलीप कुमार और देव आनंद जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। 25 मार्च 2020 को 87 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और केयरटेकर पर लगाए गए आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं।
राज कपूर ने बदला था निम्मी का नाम
निम्मी की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनका जन्म आगरा में हुआ था। बताया जाता है कि उनकी मां एक तवायफ , सिंगर और एक एक्ट्रेस थीं, जिनका नाम वहीदन था। निम्मी के पिता अब्दुल हकीम एक मिलिट्री कॉन्ट्रैक्टर हुआ करते थे। जब निम्मी 11 साल की थीं, तब उनकी मां का निधन हो गया था। उनके पिता मेरठ में रहते थे जहां वे काम करते थे और उनका एक और परिवार था। इस समय तक, निम्मी की मां के साथ उनका सम्पर्क बहुत कम था, इसलिए निम्मी को अपने नाना के साथ रावलपिंडी के पास एबटाबाद में रहने के लिए भेज दिया गया जो विभाजन के बाद पाकिस्तान में चला गया। एक्ट्रेस का असली नाम नवाब बानो था और कहते हैं कि फिल्म 'बरसात' में कास्ट करने से पहले राज कपूर ने उनका नाम बदलकर निम्मी कर दिया।

