तुत्सी, बोस्नियाई, मुसलमानों और यजीदी समुदायों के खिलाफ नरसंहार का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह दर्दनाक है कि हम सामूहिक अत्याचारों को रोकने और कमजोर लोगों की रक्षा करने के अपने कर्तव्य में विफल रहे। फिलिस्तीनियों के खिलाफ हत्या और उत्पीड़न का क्रम भी लगातार जारी है। फिलिस्तीनी लोगों का लगातार नरसंहार और व्यवस्थित उत्पीड़न चल रहा है।
गाजा में जारी हमले से नाखुश यूएन के टॉप अधिकारी ने दिया इस्तीफा, बोले- फिलीस्तीनियों पर हो रहा जुल्म
न्यूयॉर्क: यूनाइटेड नेशंस हाई कमिश्नर फॉर ह्यूमन राइट्स के न्यूयॉर्क ऑफिस के डायेरक्टर क्रेग मोखिबर ने इस्तीफा दे दिया है। क्रेग ने अपने इस्तीफा देने की वजह गाजा में फिलिस्तीनी नागरिकों के "नरसंहार" को रोकने में संगठन की असमर्थता को कहा है। अपने त्याग पत्र में क्रेग ने लिखा है कि हम अपनी आंखों के सामने नरसंहार होते देख रहे हैं। जिस संगठन के लिए हम काम करते हैं, वह इसे रोकने में बेबस प्रतीत हो रहा है। ऐसे में इस पद पर रहने का कोई मतलब नहीं है।
गाजा पर इजरायल के हमले को नरसंहार की एक टेक्सटबुक बताते हुए उन्होंने कहा है कि फिलिस्तीन में यूरोपीय जातीय-राष्ट्रवादी और औपनिवेशिक परियोजना ने फिलिस्तीन में स्वदेशी फिलिस्तीनी जीवन के अंतिम अवशेषों को नष्ट करने के लिए आखिरी अंतिम चरण में प्रवेश किया है। अमेरिका, ब्रिटेन और अधिकांश यूरोप इस हमले में पूरी तरह से शामिल हैं। उन्होंने पश्चिम के देशों पर इजरायल के अत्याचारों को राजनयिक और राजनीतिक कवर देने का भी आरोप लगाया है।











