भोपाल। राजधानी में आवारा श्वानों द्वारा लोगों पर हमला करने, काटने की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। नगर निगम का अमला श्वानों को पकड़ने का दावा कर रहा है, लेकिन फिर भी ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला अशोका गार्डन क्षेत्र में सामने आया है, जहां मयूर विहार में रहने वाली एक 11 वर्ष की बच्ची को आवारा श्वान ने अपना शिकार बनाया। श्वान के हमले से बच्ची घायल हो गई। वहीं अवारा श्वान को पकड़ने के लिए नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची तो उसी कालोनी में रहने वाली एक श्वान प्रेमी महिला ने इनसे अभद्रता करना शुरू कर दी। वहीं आसपास के कुछ आवारा श्वानों को अपने घर में बंद कर दरवाजे में ताला लगा दिया। हालांकि जिस मादा श्वान ने बच्ची को काटा था, वो एक कार के नीचे बैठी हुई थी। उसे डाग स्क्वाड की टीम ने पकड़कर आश्रय गृह भेज दिया।
आसपास के लोगों ने बचाया
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 9 बजे बच्ची कोचिंग से घर लौट रही थी। इस दौरान अशोका गार्डन स्थित मयूर विहार कालोनी गली नम्बर एक में श्वान ने बच्ची को काट लिया। बच्ची का नाम सानिया है। बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उसे श्वान के हमले से बचाया। वही बच्ची के घाव को देखते हुए उसका प्राथमिक उपचार कराने के लिए अस्पताल लेकर गए। रहवासियों ने इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की है।
नौ अस्पतालों में मिलेगी फ्री वैक्सीन
शहर के आवारा कुत्तों के लिए निशुल्क एंटी-रैबीज टीकाकरण के लिए नगर निगम नौ पशु अस्पतालों को वैक्सीन उपलब्ध करवाएगा। निगम के अपर आयुक्त रणवीर कुमार सिंह ने बताया कि 20 जनवरी के आसपास यह वैक्सीन अस्पतालों को आवंटित होगी। इससे पहले दिसंबर 2023 में निगम ने पशु चिकित्सालय पिपलानी को 100 डोज एंटी-रैबीज वैक्सीन सहित पशु चिकित्सालय सदर मंजिल को 100 डोज, पशु चिकित्सालय बैरागढ़ को 100 डोज, पशु चिकित्सालय हथाईखेड़ा को 50 डोज, पशु चिकित्सालय मिसरोद को 50 डोज, कृत्रिम गर्भाधान केन्द्र आरएके कैम्पस जहांगीराबाद को 50 डोज, पशु औषधालय छोला को 50 डोज, पशु औषधालय समरधा को 50 डोज और कृत्रिम गर्भाधान उपकेन्द्र बैरागढ़ चिचली को 50 डोज उपलब्ध करवाए गए थे। जिसमें से करीब 500 वैक्सीन लग चुकी हैं।











