सांसद ने कैमरा बंद कराया, विधायक ने अफसर को धमकाया:ओसामा और ओबामा में कन्फ्यूज हो गए सीएम; केवट के रोल में दिखे भाजपा सांसद

सांसद ने कैमरा बंद कराया, विधायक ने अफसर को धमकाया:ओसामा और ओबामा में कन्फ्यूज हो गए सीएम; केवट के रोल में दिखे भाजपा सांसद

बिजली की आंखमिचौली, गरमाई सियासत मध्य प्रदेश में बिजली की आंखमिचौली फिर शुरू हो गई है। कई जिलों में बिजली कटौती से परेशान लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसे लेकर अब सियासत भी गरमाने लगी है।

आगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए राजगढ़ से भाजपा सांसद रोडमल नागर ने बिजली कटौती के सवाल पर कैमरा ही बंद कराने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने माना कि बिजली की समस्या है और कुछ समय के लिए कटौती हो रही है।

इधर, मंदसौर में बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस विधायक विपिन जैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बिजली विभाग के दफ्तर का घेराव किया। उन्होंने विभाग के अधिकारी को उनके ही कमरे में घेरने की चेतावनी दी और कहा, ‘मुझे हल्के में मत लेना।’

वहीं, बिजली कटौती को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों और सियासत के बीच मंत्री गौतम टेटवाल ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल भरने की अपील कर डाली। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस समस्या का समाधान कर रही है।

ओसामा और ओबामा में उलझे मुख्यमंत्री यादव मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आतंकी ओसामा बिन लादेन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के नामों को लेकर कन्फ्यूज हो गए। हालांकि, उन्होंने फौरन ही स्पष्ट कर दिया कि वे ओसामा बिन लादेन की बात कर रहे हैं।

सीएम ने कहा, ‘जब अमेरिका ने आकर ओसामा को मारा था...’ फिर वे कन्फ्यूज हुए और बोले, ‘ओबामा को...’ इसके बाद उन्होंने ओसामा का नाम लेते हुए कहा, ‘उसका ओसामा नाम था। दाढ़ी वाला... लादेन।’

दरअसल, सीएम बता रहे थे कि जिस तरह अमेरिका ने आतंकी ओसामा बिन लादेन को उसके घर में घुसकर मार गिराया था, उसी तरह आज भारत के पास भी ऐसा सामर्थ्य है।

इसके बाद सीएम ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत भी अब दुश्मन को उसके घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखता है।

रामलीला में केवट बने सांसद विवेक बंटी साहू नेता अक्सर अपने बयानों और राजनीतिक अदाओं से सुर्खियां बटोरते हैं, लेकिन छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू तो अभिनय के मामले में भी सुर्खियों में हैं। रामलीला में उन्होंने केवट का किरदार निभाया तो देखने वाले भी उनके अभिनय के मुरीद हो गए।

रामलीला में सांसद के अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है। अब नेता जी के इस अंदाज को देखकर लोग चुटकी भी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि आखिर रामलीला हो या राजनीति, नैया पार लगाने के लिए राम कृपा तो जरूरी है।

पंडित जी ने कलेक्टर साहब को उलझा दिया मालवा के एक जिले के कलेक्टर एक पंडित जी से पूजा-पाठ कराकर बैकफुट पर आ गए हैं। दरअसल, पंडित जी ने साहब के यहां पूजा कराने के बाद इसकी तस्वीरें वायरल कर अपनी मार्केटिंग शुरू कर दी। लेकिन ये दांव उलटा पड़ गया।

लोगों ने इन तस्वीरों पर तरह-तरह के कमेंट कर कलेक्टर साहब को बताया कि जिस पंडित जी से आपने पूजा कराई, उनका एक पेट्रोल पंप है। जिस पर मिलावट के मामले में प्रशासन ने ही पूर्व में एक्शन लिया था।

कलेक्टर साहब ने जिस पूजा को आस्था का मामला समझा था, वह चर्चा का विषय बन गया। अब कलेक्टर साहब खुद को ठगा-सा महसूस कर रहे हैं।

दरअसल, हाल ही में कलेक्टर साहब ने अपने घर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की थी। सुना है कि पूजा-अर्चना के लिए पंडित जी को लाने की व्यवस्था एक एसडीएम ने की थी। अब साहब ने इस मामले में हो रही जग हंसाई का ठीकरा एसडीएम पर फोड़ दिया है।

खरी बात ये है कि कलेक्टर साहब ने तो भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने के लिए पंडित बुलाया था, लेकिन पंडित जी के पुराने रिकॉर्ड ने पूरा मामला ही बिगाड़ दिया। अब कलेक्टर साहब सोच रहे होंगे कि पूजा से पहले पंडित जी की कुंडली भी दिखवा लेनी चाहिए थी।

इनपुट सहयोग - मनीष मारू (आगर), नवीन रुंडियाल (सारंगपुर), शादाब चौधरी (मंदसौर), विजय सिंह बघेल (भोपाल)

शाजापुर के कालापीपल से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी भी गजब के कलाकार हैं। दक्षिण अफ्रीका से आए लोगों से भी अपने नाम के नारे लगवा दिए। पहले उन्हें समझाया- हम कहेंगे 'विकास का पहिया', फिर आपको कहना है- 'घनश्याम भैया'। उन्हें 'घनश्याम भैया' कहना सिखाया और फिर 'विकास का पहिया, घनश्याम भैया' के नारे लगवाए गए। 

Advertisement