इंदौर गौरव दिवस पर शहर में सुबह से ही अहिल्या जन्मोत्सव पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह दिन देवी अहिल्याबाई होलकर को समर्पित है, जो उनकी जयंती पर मनाया जा रहा है। आज इंदौर के गौरव में एक बार फिर अहिल्या नजर आएंगी।
सुबह छह बजे राजवाड़ा चौक पर अहिल्या जन्मोत्सव समिति द्वारा भजन मंडली बैंड के साथ ही श्री रामाधार साधक न्यास के पंजीकृत सदस्य जोड़ों द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, कलेक्टर इलैया राजा टी ने अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान कई लोग उपस्थित थे। साथ ही देवी अहिल्या प्रतिमा की परिक्रमा करेंगे।
महापौर ने कहा की मां अहिल्या हमारा संस्कार है। आज तंबाकू निषेध दिवस है इसलिए हम यह संकल्प लें कि शहर को तंबाकू रहित बनाएंगे। आयोजन में पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर भी आयोजन स्थल पहुंची। वहां मौजूद शहर के नागरिकों ने भी शिवलिंग का जलाभिषेक भी किया। कई भक्त कावड़ लेकर पहुंचे थे।
गीत और भजनों से शहर देगा आदरांजलि
गौरव दिवस को भव्य और गरिमामय स्वरूप देने के लिए नेहरू स्टेडियम में मुख्य समारोह रखा गया है। यहां बुधवार शाम 6 बजे से शुरू होने वाले समारोह में म्यूजिकल बैंड की प्रस्तुति के बाद कृष्णलीला प्रस्तुत की जाएगी। उधर, राजवाड़ा चौक पर देवी अहिल्या की प्रतिमा पर 108 भजन मंडलियों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही शहर के 85 बैंड संगीत की धुन पेश करेंगे तो अलग ही नजारा होगा।मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आ रहे हैं। इस दौरान 50 लोगों के समूह द्वारा डमरू और शंखनाद से शिव महिमा बताई जाएगी। शाम 7.20 बजे देवी अहिल्याबाई होलकर प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन किया जाएगा। इसके बाद कन्या पूजन होगा। समारोह के दौरान शहर के विशिष्ट व्यक्तियों को इंदौर गौरव सम्मान दिया जाएगा।
शाम 7.35 बजे मुख्यमंत्री का उद्बोधन होगा। इससे पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव स्वागत भाषण देंगे। रात्रि 8 बजे रागिनी मक्खर और बाल कलाकारों द्वारा देवी अहिल्याबाई होलकर पर आधारित प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया जाएगा। रात 8.20 बजे से गायिका सुनिधि चौहान गीतों की प्रस्तुति देंगी। इसके बाद आतिशबाजी भी की जाएगी। नेहरू स्टेडियम में एक तरह से मेला लगेगा। यहां खानपान की भी व्यवस्था रहेगी। यहां मिनी सराफा और मिनी 56 दुकानें भी लगाई जाएंगी।