हालांकि पीएम मोदी ने भी राजस्थान को सौगातें देने में दरियादिली दिखाई है। पिछले 9 साल में केंद्र सरकार की राजस्थान में 5500 करोड़ घोषित हुई हैं। इसमें से कुछ योजनाएं शुरू हो चुकी हैं तो कुछ पर काम चल रहा है। पीएम मोदी और केंद्र की राजस्थान में बड़ी घोषणाओं पर नजर डालें तो 19 फरवरी 2019 को सूरतगढ़ से मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना की शुरुआत की गई। 16 जनवरी 2018 को बाड़मेर के पचपदार में रिफाइनरी की शुरुआत की गई।
पीएम की सौगात, CM भी कर चुके हैं तारीफ
पीएम मोदी ने इस कदर राजस्थान में विकास योजनाएं शुरू की कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी खुले मंच से इसकी तारीफ कर चुके हैं। सीएम अशोक गहलोत की डिमांड पीएम मोदी ने राजस्थान के उन इलाकों में ट्रेन सेवाएं शुरू की, जिसकी लंबे समय से डिमांड चल रही थी। इसके अलावा पर्यटन क्षेत्रे विस्तार में भी केंद्र ने राजस्थान सरकार की हरसंभव मदद की है। कोरोना काल में राजस्थान में जिस तरह से काम हुए उसकी तारीफ भी खुद पीएम मोदी सार्वजनिक रूप से कर चुके हैं। 2018 के बाद गैर बीजेपी शासित राज्यों में राजस्थान उन चुनिंदा राज्यों में है जिसका मोदी सरकार से कभी भी टकराव देखने को नहीं मिला। विकास कार्यों को लेकर सीएम अशोक गहलोत और पीएम मोदी के बीच सामंजस्य देखने को मिलता रहा।
राजस्थान के कई नेताओं को पीएम ने दिए अहम पद
विकास योजनाओं के अलावा राजनीतिक रूप से भी पीएम मोदी ने पिछले नौ साल में राजस्थान को काफी कुछ दिया है। पीएम मोदी ने ना केवल पार्टी में बल्कि केंद्र की सरकार में भी राजस्थान के कई नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी। आइए उसपर एक नजर डालते हैं।
2014-2019 का कार्यकाल: राजस्थान के 6 सासंदों को मंत्रिमंडल में जगह दी, जिसमें श्रीगंगानगर सांसद निहालचंद मेघवाल, बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल, जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत, पाली सांसद पीपी चौधरी, नागौर सांसद सीआर चौधरी और जयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया। इसके अलावा बीजेपी की केंद्रीय टीम में भूपेंद्र यादव, ओम माथुर, सुनील बंसल को महत्वपूर्ण पद दिया गया। भूपेंद्र यादव को बिहार जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई तो सुनील बंसल को उत्तर प्रदेश जैसे राज्य का प्रभारी बनाया गया। ओम माथुर बीजेपी की केंद्रीय टीम में अहम रोल में रहे।
2019-2024 का कार्यकाल: लोकसभा स्पीकर का पद राजस्थान के कोटा सीट से सांसद ओम बिड़ला को मिला। जोधपुर के सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत को प्रमोट कर केंद्रीय मंत्री बनाया गया। बाड़मेर सांसद कैलाश चौधरी को कृषि राज्य मंत्री बनाया गया। बीकानेर सांसद अर्जुन मेघवाल को देश का कानून मंत्री बनाया गया। जहां तक पार्टी का सवाल है तो वसुंधरा राजे सिंधिया को केंद्रीय उपाध्यक्ष और ओम माथुर को केंद्रीय चुनाव सिमिति में शामिल किया गया। इसके अलावा उपराष्ट्रपति का पद भी राजस्थान शेखावटी इलाके से आने वाले जगदीप धनकड़ को दिया गया।











