लोगों को 29 रुपये किलो की दर से मिलेगा गुणवत्तापूर्ण साबुत चावल

लोगों को 29 रुपये किलो की दर से मिलेगा गुणवत्तापूर्ण साबुत चावल
 भोपाल। आम लोगों को आटा, दाल, प्याज के बाद अब चावल भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी शुरूआत बुधवार से राजधानी में हो गई है। भोपाल शहर के दस नंबर स्थित प्रियदर्शिनी मार्केट सहित आधा दर्जन जगहों पर मोबाइल वैन से इसकी बिक्री शुरू की गई है। शहर के हाट बाजारों में भी वैन पहुंचाई जा रही है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को रियायती दरों पर आटा, दाल और चावल मिल सके।

केंद्र सरकार की है योजना

भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ मर्यादित (एनसीसीएफ) द्वारा इसकी देशभर में बुधवार से बिक्री प्रारंभ की गई है। भोपाल में एनसीसीएफ की शाखा प्रबंधक अर्पणा सिंह ने बताया कि अच्छी क्वालिटी का साबुत चावल 29 रुपए किलोग्राम में लोगों को उपलब्ध करवाया जा रहा है। वर्तमान में इस तरह का चावल बाजार में 32 से 38 रुपए किलोग्राम मिल रहा है। चावल 5 और 10 किलोग्राम पैक में है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केन्द्र सरकार की ओर से रियायती दर पर आटा और चना दाल उपलब्ध करवाई जा रही है। आटा अभी 27.50 रुपए प्रति किलोग्राम (दस किलो पैक), जबकि चना दाल 60 रुपए किलो प्रतिग्राम की दर से दिया जा रहा है।

Advertisement