भोपाल। विगत बुधवार से शुरू हुए मप्र विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। गुरुवार को विधानसभा में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वर्ष 2023-24 के लिए 30265 करोड़ रुपये का द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया था। इस पर आज सदन में चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष ने इसके लिए लंच के बाद का समय तय किया है, जिस दौरान दोनों पक्षों के सदस्य अपनी बात रखें।
सदन में गूंजा अवैध खनन का मुद्दा
शुक्रवार सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद विपक्ष ने अवैध खनन के मुद्दे पर सरकार को घेरा।विपक्षी सदस्यों के सवाल पर मंत्री दिलीप अहिरवार सदन में कहा कि अवैध खनन को रोकने के लिए कैमरे लगाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसका निर्णय लिया है। इससे अवैध खनन रोकने पर मदद मिलेगी। इस पर कांग्रेस के दिनेश राय मुनमुन, सुरेश राजे, विजय रेवनाथ चौरे, महेश परमार, शेखावत समेत अन्य विधायकों ने कहा कि पहली बार के मंत्री सही जवाब नहीं दे पा रहे हैं। विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा- रेत और खनन माफिया न प्रशासन को और नहीं शासन को मानता है। इसी दौरान सत्तापक्ष की ओर से मंत्री तुलसी सिलावट कुछ कहने के लिए खड़े हुए तो विधायक शेखावत ने उन्हें कहा कि आप बैठिए। उनके क्षेत्र में खनन करने वाला आपका मित्र है।
आज सदन में सीहोर से भाजपा विधायक अहमदपुर गांव का नाम देवीपुरा करने के लिए अशासकीय संकल्प प्रस्तुत करेंगे।











