भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के विकास और अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हर क्षेत्र में कार्य किए जाएंगे। उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। बांस का उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाकर खेती की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी इसके लिए शीघ्रता से कार्यवाही शुरू करें।
मुख्यमंत्री अपने आवास पर में नीति आयोग भारत सरकार के सदस्यों के साथ चर्चा कर रहे थे। बैठक में कृषि, फार्मास्यूटिकल, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक, माइनिंग, स्वास्थ्य और पोषण आदि क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कपास का उत्पादन बहुत अधिक मात्रा में होता है। इसका प्रदेश में अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फार्मास्यूटिकल सेक्टर के अंतर्गत विभिन्न शहरों में उद्योग शुरू होंगे।
प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर के अंतर्गत विभिन्न उद्योगों की स्थापना और निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। नीति आयोग के सदस्यों ने कहा कि प्रदेश में माइनिंग क्षेत्र में बेहतर कार्य हुआ है। निर्यात क्षमता भी अच्छी है। देश की जीडीपी में प्रदेश का अच्छा योगदान मिल रहा है। नीति आयोग, भारत सरकार के सदस्य डॉ. वीके सारस्वत व राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद थे।











