शादी को लेकर मां-बेटी में चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक आयुषी अपनी मां के साथ घरों में काम करती थी। परिवार में उसकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। मां कमला चाहती थी कि आयुषी उसकी पसंद के युवक से शादी करे, जबकि आयुषी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
26 अगस्त को विवाद के बाद हत्या का आरोप
पुलिस की जांच के अनुसार 26 अगस्त को शादी की बात को लेकर घर में एक बार फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान कमला और उसके भाई विजय राय ने आयुषी का दुपट्टे से गला घोंट दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
हालांकि घटना के पूरे क्रम और दोनों आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे परिजन
आयुषी की मौत के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
29 अगस्त को PM रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
29 अगस्त की शाम पुलिस को आयुषी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली। इसमें गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पिपलानी पुलिस ने रविवार तड़के मां कमला और मामा विजय राय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पसंद की शादी को लेकर हत्या का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में आयुषी की शादी को लेकर मां के साथ चल रहा विवाद हत्या की वजह के तौर पर सामने आया है। आयुषी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसकी मां इसके खिलाफ थी। इसी वजह से पुलिस मामले को ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच रही है। पुलिस अब हत्या के पूरे घटनाक्रम, आरोपियों की भूमिका और शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
