40 की उम्र तक किराए के मकान में रहे, अब 711 करोड़ रुपये में खरीदा पूरा टावर, जानिए कौन हैं दिनेश ठक्कर

40 की उम्र तक किराए के मकान में रहे, अब 711 करोड़ रुपये में खरीदा पूरा टावर, जानिए कौन हैं दिनेश ठक्कर
नई दिल्ली: मुंबई के जुहू में देश की सबसे बड़ी लग्जरी होम डील में से एक ने सबका ध्यान खींचा है। एंजल वन के फाउंडर, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश ठक्कर ने 711 करोड़ रुपये से ज्यादा में एक पूरा लग्जरी रेजिडेंशियल टावर खरीदने का समझौता किया है। खास बात यह है कि उन्होंने सिर्फ एक फ्लैट नहीं, बल्कि G+7 की पूरी इमारत खरीदी है। खास बात यह है कि दिनेश ठक्कर 40 साल की उम्र तक किराए के मकान में रहे हैं।

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रॉपर्टी मुंबई के जुहू तारा रोड स्थित Embassy Terrazza में है। दिनेश ठक्कर जिस टावर को खरीद रहे हैं, उसका रेरा कारपेट एरिया करीब 63,000 वर्ग फुट है। इस डील की कीमत 711 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। यानी करीब 1.13 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट की कीमत बैठती है। यह जुहू में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी के लिए नया रिकॉर्ड बताया जा रहा है। एंबेसी डेवलपमेंट्स ने इस सौदे को भारत की सबसे बड़ी सिंगल रेजिडेंशियल यूनिट ट्रांजैक्शन बताया है।

कौन हैं दिनेश ठक्कर?

दिनेश ठक्कर Angel One के फाउंडर, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। कंपनी की शुरुआत साल 1996 में एक पारंपरिक स्टॉकब्रोकिंग बिजनेस के तौर पर हुई थी। समय के साथ एंजल वन ने खुद को डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी में बदल लिया।

कंपनी के मुताबिक, उसके डिजिटल सफर की शुरुआत 2019 में हुई, जब उसने ग्राहकों को एंड-टू-एंड डिजिटल इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन देना शुरू किया। इसके बाद कंपनी ने देशभर में अपना ग्राहक आधार बढ़ाया और टियर-2 और टियर-3 शहरों तक अपनी पहुंच बनाई। दिनेश ठक्कर करीब तीन दशक से इस कारोबार के केंद्र में रहे हैं। उनके नेतृत्व में पारंपरिक ब्रोकिंग बिजनेस ने डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज की दिशा में बड़ा बदलाव देखा।

डॉट-कॉम क्रैश में गंवा दिया था 80% पैसा

आज 711 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी खरीदने वाले दिनेश ठक्कर के कारोबारी सफर में एक बड़ा झटका भी आया था। Mashable India को दिए एक इंटरव्यू में ठक्कर ने बताया था कि करीब 2001 में उन्होंने इंटरनेट ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर काफी पैसा लगाया था। डॉट-कॉम बबल फूटने के दौरान उन्होंने अपने निवेश का करीब 80% हिस्सा गंवा दिया था।

हालांकि, उन्होंने इस असफलता को छिपाने के बजाय इससे सीखने की कोशिश की। बाद में एंजल वन में उन्होंने एक तरह का 'फेलियर क्लब' शुरू किया, जहां कर्मचारी असफल प्रोजेक्ट्स पर खुलकर चर्चा कर सकते थे। इसका मकसद यह समझना था कि कोई प्रोजेक्ट क्यों असफल हुआ और भविष्य में ऐसी गलतियों से कैसे बचा जा सकता है।

40 साल की उम्र तक किराए पर रहे

711 करोड़ रुपये के इस लग्जरी होम डील की एक दिलचस्प बात यह भी है कि दिनेश ठक्कर पहले घर खरीदने के बजाय किराए पर रहना पसंद करते थे। अपने एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि करीब 38-40 साल की उम्र तक वह किराए के मकान में रहे हैं। उनका तर्क था कि करियर के शुरुआती दौर में पैसा रियल एस्टेट में लगाने के बजाय बिजनेस में लगाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

उनका मानना था कि उनका कारोबार बेहतर रिटर्न दे रहा था, इसलिए वह पूंजी को बिजनेस में ही बनाए रखना चाहते थे। बाद में जब करियर, लोकेशन और परिवार की जरूरतें ज्यादा स्थिर हुईं, तब उन्होंने घर खरीदने के बारे में सोचा।

लग्जरी कारों के भी शौकीन हैं ठक्कर

बिजनेस के अलावा दिनेश ठक्कर फिटनेस और लग्जरी कारों में भी दिलचस्पी रखते हैं। उन्होंने अपने इंटरव्यू में बताया था कि कमर की चोट और स्लिप-डिस्क की समस्या के बाद उन्होंने गंभीरता से वेट ट्रेनिंग शुरू की।

कारों की बात करें तो उन्होंने Mini Cooper, AMG GT S, Lamborghini Huracán Performante, AMG G-Wagon, Ferrari 488 Pista और Porsche GT3 RS जैसी परफॉर्मेंस कारों का जिक्र किया है।
Advertisement