जापान, फिलीपीन्‍स... चीन ने धमकाया तो ऐक्‍शन में अमेरिका, दरवाजे पर तैनात होंगे आधे परमाणु एयरक्राफ्ट कैरियर

जापान, फिलीपीन्‍स... चीन ने धमकाया तो ऐक्‍शन में अमेरिका, दरवाजे पर तैनात होंगे आधे परमाणु एयरक्राफ्ट कैरियर
ताइपे: फिलीपीन्‍स से लेकर ताइवान तक को डराने में जुटे चीन को करारा जवाब देने के लिए अमेरिकी नौसेना एक्‍शन में आ गई है। अमेरिका इस साल अपने करीब आधे परमाणु एयरक्राफ्ट कैरियर को पश्चिमी प्रशांत समुद्र इलाके में तैनात करने जा रहा है। अमेरिका के निशाने पर उत्‍तर कोरिया है जो चीन के इशारे पर लगातार दक्षिण कोरिया और जापान धमका रहा है। चीन ताइवान और दक्षिण चीन सागर के ज्‍यादातर इलाके पर अपना दावा करता है। ड्रैगन लगातार जापान से लेकर फिलीपीन्‍स तक को धमकाने में जुटा हुआ है। फिलीपीन्‍स के साथ उसका तनाव अपने चरम पर है जहां अमेरिकी नौसेना को भी सक्रिय होना पड़ा है।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक 11 अमेरिकी विमानवाहक पोतों में से तीन पहले से ही इस क्षेत्र में हैं, जबकि दो और रास्ते में हैं। इस अभूतपूर्व कदम का उद्देश्य चीन को कड़ा संकेत भेजना है। अमेरिकी नौसेना संस्थान के फ्लीट एंड मरीन ट्रैकर ने बताया कि यूएसएस अब्राहम लिंकन हाल ही में सैन डिएगो, कैलिफोर्निया में अपने होम पोर्ट से रवाना हुआ है और पश्चिमी प्रशांत महासागर की ओर बढ़ रहा है। इसके अतिरिक्त, अमेरिकी नौसेना ने पुष्टि की कि यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन जापान में यूएस 7वें बेड़े के कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के केंद्रबिंदु के रूप में यूएसएस रोनाल्ड रीगन की जगह लेगा।
Advertisement