पाकिस्तान की सरकार की ओर से कहा गया है कि सिंधु जल समझौता तोड़ने को वह भारत की ओर से युद्ध का ऐलान मानेंगे। पाकिस्तान के कई मंत्रियों ने परमाणु युद्ध तक की धमकी भारत को दी है। भारत और पाकिस्तान दोनों ही परमाणु शक्ति संपन्न देश और विश्व की बड़ी सैन्य ताकतें हैं। ऐसे में इन दोनों देशों के टकराव, खासतौर से परमाणु युद्ध इस क्षेत्र ही नहीं, पूरी दुनिया में बड़ी तबाही का सबब बन सकता है। एक रिसर्च कहती है कि भारत-पाक ने परमाणु बम चलाए तो मरने वालों की संख्या अरबों में जा सकती है।
भारत-पाक में ही मरेंगे करोड़ों लोग
मेट्रो डॉट यूके की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2019 में वैज्ञानिकों की एक टीम ने रिसर्च की है कि दोनों देशों के बीच परमाणु युद्ध होता है तो दुनिया में इसके क्या परिणाम हो सकते हैं। टीम ने अपनी रिसर्च के आधार पर पाया कि भारत और पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की संख्या और उनकी ताकत आधार पर इन दोनों देशों के न्यूक्लियर वॉर में भारत और पाकिस्तान में ही 15 करोड़ लोग मारे जा सकते हैंरिपोर्ट कहती है कि भारत-पाक के इस परमाणु युद्ध में दोनों देशों में 5 से 15 करोड़ लोगों की जान जा सकती है। इसके अलावा बड़ी संख्या में शहर बर्बाद होंगे, लाखों लोग घायल होंगे और भारी विनाश होगा। वैज्ञानिकों ने पाया कि इस युद्ध के परिणाम भारत और पाकिस्तान तक सीमित नहीं रहेंगे। इस युद्ध का असर ना सिर्फ भारत-पाक के पड़ोसी देशों बल्कि दुनिया के बड़े हिस्से पर होगा।
धुआं ही धुआं फैल जाएगा
रिपोर्ट कहती है कि भारत-पाक में परमाणु युद्ध भी एक छोटा हिमयुग ला सकता है। जलते हुए शहरों से निकलने वाला धुआं आसमान में फैल जाएगा और सूरज की रोशनी को रोक देगा। इससे दुनिया का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा और अंधेरा छा जाएगा। जलवायु और वायुमंडलीय विज्ञान के विशेषज्ञ प्रोफेसर ब्रायन टून का कहना है कि ऐसा युद्ध बहुत बड़ी तबाही का सबब बनेगा।टून ने आगे कहा, 'हमने 2019 में भारत और पाक की परमाणु क्षमता पर गौर किया। भारत और पाकिस्तान के पास करीब 300 परमाणु हथियार हैं। ये परमाणु हथियार सैकड़ों किलोटन के हो सकते हैं। अगर इनमें से आधे हथियारों का इस्तेमाल भी युद्ध में हुआ तो भारत और पाकिस्तान में ही 5 से 15 करोड़ लोग मारे जाएंगे। बाकी दुनिया में इससे मरने वालों की तादाद एक से दो अरब तक जा सकती है।











