भोपाल। अब जिले के शासकीय विभागों में कार्यरत लगभग 40 हजार अधिकारी एवं कर्मचारियों को हर महीने की पहली तारीख को वेतन मिल जाएगा। अब तक उन्हें 12 तारीख तक वेतन मिल पाता था। लेटलतीफ वेतन मिलने को लेकर कलेक्टर भी कई बार नाराजगी व्यक्त कर चुके थे और हिदायत भी दी थी। इसी के चलते जिला कोषालय ने तैयारी कर ली है कि जनवरी का वेतन फरवरी की पहली तारीख को ही खातों में डाल दिया जाएगा। ऐसे में यह सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है।
जानकारी के अनुसार जिले में 19 हजार 960 नियमित अधिकारी एवं कर्मचारी सरकारी विभागों में पदस्थ हैं और इतने ही संविदा, दैनिक वेतनभोगी और अन्य वर्गों के कर्मचारी कार्यरत हैं। जिला कोषालय भोपाल द्वारा हर महीने वेतन जारी किया जाता है। देखने में आया कि कई विभागों के अधिकारी देर से वेतन के बिल लगाते हैं। इसके चलते उन विभागों के कर्मचारी-अधिकारियों को पिछले महीने का वेतन 10 से 12 जनवरी तक उनके बैंक खाते में पहुंचा था। जिला कलेक्टर ने टाइमलाइन मीटिंग के दौरान इस पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि समय पर जिला कोषालय में देयक बिल लगाए जाएं। विभागीय सूत्रों के अनुसार कलेक्टर ने जिले के ऐसे लेटलतीफ कई विभाग प्रमुखों के प्रति सख्ती बरती है, तब जाकर स्थिति में सुधार हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि माह की पहली तारीख को शासकीय अवकाश हो तो उसके पूर्व या बाद के कार्यदिवस को वेतन का भुगतान किया जाएगा।
इनका कहना है
सभी आहरण संवितरण अधिकारियों से समय पर वेतन से संबंधित देयक कोषालय भेजने के लिए कहा गया है। इस बार हमने पूरी तैयारी कर ली है। फरवरी की पहली तारीख को अधिकारी-कर्मचारियों के खाते में वेतन डाल दिया जाएगा।
- विक्रम छिरोलिया, जिला कोषालय अधिकारी, भोपाल











