बेंगलुरु, हरियाणा और मुंबई में काटी फरारी, तीन साल बाद जालसाज गिरफ्तार

बेंगलुरु, हरियाणा और मुंबई में काटी फरारी, तीन साल बाद जालसाज गिरफ्तार

 भोपाल। बेंगलुरु, हरियाणा और मुंबई में फरारी काटने वाले एक पुराने जालसाज को क्राइम ब्रांच ने 60 लाख का फ्राड करने के मामले में गिरफ्तार किया है। उस पर पांच हजार का इनाम घोषित था, फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है। क्राइम ब्रांच थाने के प्रभारी अशोक मरावी और उनकी टीम लंबे समय से आरोपित की तलाश में जुटी थी। टीम ने आरोपित निशांत गुप्ता (45) निवासी छत्रसाल पब्लिक स्कूल के पास पिपलानी को मोबाइल लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार किया। मामले में उससे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपित मूल रूप से जिला कैथल हरियाणा का रहने वाला है। वह ठगी की रकम से प्रापर्टी डीलिंग का कारोबार कर रहा था।

यह है मामला

बता दें कि दिसंबर 2021 में नई दिल्ली के अजय ब्रम्हे और गुरुग्राम (गुड़गांव) के संजीव कुमार ने भोपाल के निशांत गुप्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें अजय के साथ कारोबार करने और संजीव को कार दिलाने के नाम पर लगभग 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा अजय ने अपने एक परिचित विकास जैन की कार बेचकर अमानत की रकम (एक लाख रुपए) लेकर फरार होने का आरोप भी लगाया था। शिकायत के बाद से ही निशांत गुप्ता फरार चल रहा था।
Advertisement