शादी की वर्षगांठ के 13 दिन पहले महिला शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

शादी की वर्षगांठ के 13 दिन पहले महिला शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

भोपाल। कोहेफिजा थाना क्षेत्र में पति के साथ रह रही महिला खेल शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसने प्रेम विवाह किया था। 13 दिन बाद उसकी शादी की दूसरी सालगिरह थी। वह एक निजी स्कूल में खेल शिक्षक थी। बुधवार को खाना खाने के बाद सो गई थी। गुरुवार सुबह वह सोकर नहीं उठी, तो स्वजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे थे। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को महिला के परिवार के लोगों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक मूलत: बिलासपुर की रहने वाली 35 वर्षीय सृष्टि पांडे एयरपोर्ट रोड स्थित इंद्रविहार कालोनी में पति मोनू अहिरवार के साथ किराए के मकान में रहती थी। उसने दो वर्ष पहले मोनू से प्रेम विवाह किया था। वह संतहिरदाराम नगर के एक निजी स्कूल में खेल शिक्षक के रूप में पदस्थ थी।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि बुधवार रात को खाना खाने के बाद सृष्टि सो गई थी। सुबह बिस्तर पर सृष्टि को बेसुध देख मोनू ने अपने परिवार के लोगों को बताया और उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने सृष्टि के स्वजन को घटना की सूचना देकर शव मर्चुरी में रखवा दिया है। कोहेफिजा थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट आदि नहीं मिला है। घटनास्थल की एफएसएल टीम से जांच कराई गई है। शुक्रवार को स्वजन के भोपाल आने के बाद सृष्टि के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सृष्टि ने 28 फरवरी 2022 को मोनू के साथ प्रेम विवाह किया था।

घर में मृत मिली महिला, हत्या की आशंका

कमलानगर थाना क्षेत्र के शबरी नगर में रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव घर में पड़ा मिला। उसके गले पर निशान मिलने से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है।

कमलानगर थाना पुलिस के मुताबिक शबरी नगर निवासी 38 वर्षीय नंदा पत्नी सुशील मोरे लोगों के घरों में काम करती थी। उसका पति काम के सिलसिले में अक्सर शहर के बाहर रहता है। नंदा अपने बेटे 19 वर्षीय रौनक के साथ रहती थी। रौनक बुधवार रात को घर नहीं आया था। गुरुवार सुबह नौ बजे वह घर पहुंचा, तो मां को बेसुद पड़े देखा। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने नंदा को मृत घोषित कर दिया। महिला के गले पर निशान पाए गए हैं। इस वजह से उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Advertisement