भोपाल। लोकसभा चुनाव सामने हैं। मंत्रिमंडल की चुनाव में अहम भूमिका होगी। मंत्री अपने -अपने विभाग की योजनाओं को नीचे तक लेकर जाएं, अधिक से अधिक समय जनता के बीच गुजारें। जिले से लेकर बूथ तक चुनाव प्रबंधन को मंत्री स्वयं लीड करें। यह बात रविवार को लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में दो दिवसीय लीडरशिप समिट के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कही।
मुझे प्रसन्नता है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में सुशासन की दिशा में अग्रसर होते हुए हमारे सभी विभागों के भार साधक माननीय मंत्रीगणों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज सुशासन संस्थान में सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्वान वक्ताओं एवं अनुभवी महानुभावों का मार्गदर्शन… pic.twitter.com/SbPvTv0wZa
उन्होंने पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा की तैयारियों और चुनावी अनुभव साझा किए। वहीं, चुनाव जीतने की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण भी मोहन मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया। लीडरशिप समिट में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सहित वरिष्ठ मंत्रियों ने नए मंत्रियों को विभाग चलाने के गुर भी सिखाए। मुख्यमंत्री ने समिट को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सुशासन की दिशा में सभी विभागों को मिलकर कार्य करना चाहिए।
सुशासन की दिशा में मध्य प्रदेश अपनी नई पहचान बनाए इसके लिए कार्ययोजना बनाकर उपलब्धि प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर चलकर प्रदेश विकास पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि अपने व्यवहार में शासन की मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है। अपने जीवन में बदलाव लाएं, अपने विभाग में प्रबोधन और नवाचार के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर क्रियान्वित करें। लोगों के व्यक्तिगत जीवन में बदलाव लाने के लिए नवाचार करते रहने से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।











