भोपाल। मप्र विधानसभा का फिलहाल बजट सत्र चल रहा है। मंगलवार सुबह सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। सोमवार को को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने सदन में 01 लाख 45 हजार करोड़ रुपये का लेखानुदान (अंतरिम बजट) पेश किया था। इस पर आज चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने लेखानुदान पर चर्चा के लिए चार घंटे का समय तय किया है। सोमवार को सदन में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के वक्तव्य के दौरान संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर महापुरुषों के अपमान का आरोप लगाया था। इसके बाद कांग्रेस के विधायक सदन से बहिर्गमन कर गए थे। इसको लेकर विपक्षी सदस्य सदन में हंगामा कर सकते हैं।
कांग्रेस विधायकों ने किया प्रदर्शन
मंगलवार सुबह विधानसभा पहुंचने पर कांग्रेस के विधायकों ने किसान आंदोलन में जा रहे किसान नेताओं की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक फुंदेलाल मार्को ने सरकार पर स्कूल में किताबें न बांटे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किताबें कबाड़ में फेंकी जा रही हैं। पहली से पांचवीं तक की किताबें फेंकी गई हैं। विधायक तख्तियां लेकर विधानसभा में जाने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षाकर्मियों द्वारा ऐसा करने से रोके जाने पर कांग्रेस विधायकों की उनसे बहस भी हुई। News updating...











