भोपाल। मप्र विधानसभा का बजट शत्र बुधवार से शुरू हो गया है। गुरुवार को यानी आज सत्र के दूसरे दिन सत्र के दूसरे दिन हरदा के कांग्रेस विधायक आरके दोगने गले में सुतली बम की माला पहनकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध दर्ज कराया और कहा कि हरदा कांड मामले की जांच के लिए बनाई गई टीम में विधायकों, पत्रकारों को भी शामिल किया जाना चाहिए।
तलघर की गहन जांच हो
विधायक आरके दोगने ने कहा कि पटाखा फैक्ट्री में जब यह भीषण हादसा हुआ, उस वक्त वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पटाखा फैक्ट्री में जो तलघर है उसे खोलकर देखा जाना चाहिए। लेकिन मुख्यमंत्री के हरदा से वापस लौटकर आने के बाद जांच बंद कर दी गई है। रेस्क्यू भी खत्म कर दिया गया है, जबकि तलघर में बड़े पैमाने पर लोग हो सकते हैं।
अनुपूरक बजट आज
गुरुवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वर्ष 2023-24 के लिए द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेंगे। इसमें अधोसरंचना विकास के लिए निर्माण विभागों को अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, कांग्रेस के सदस्यों द्वारा हरदा की दुर्घटना को लेकर काम रोको सूचना पर चर्चा कराने की मांग को लेकर सदन में हंगामे के आसार हैं। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। कांग्रेस विधायक दल की ओर से रामनिवास रावत, हेमंत कटारे सहित अन्य विधायकों ने हरदा में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट को लेकर सदन का काम रोककर चर्चा कराने की सूचना विधानसभा सचिवालय को दी है। सदन में विपक्ष द्वारा गुरुवार को इस विषय को उठाने की तैयारी की गई है। कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में भी इस विषय को उठाया गया।
उधर, राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की शुरुआत ध्यानाकर्षण के बाद होगी। इस दौरान तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल मध्य प्रदेश माल और सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश 2024 पटल पर रखेंगे।











