भोपाल। देश के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में नमी आने का सिलसिला बरकरार है। इसके प्रभाव से जहां पूर्वी मप्र के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है, वहीं राजधानी भोपाल में और आसपास भी आंशिक बादल छाए हुए हैं। हवाओं का रुख भी बार-बार बदल रहा है। इससे फिलहाल ठिठुरन पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा। साथ ही यह पिछले दिन के न्यूनतम तापमान से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम, लेकिन पिछले दिन के मुकाबले 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। राजधानी में रात का पारा पिछले चार दिन से लगातार उछल रहा है और इसमें 06 डिग्री तक उछाल आया है। बीते दो दिन से भोपाल में रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। भोपाल में फिलहाल उत्तरी, उत्तर-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। मौसम शुष्क है और आसमान पर आंशिक बादल छाए हुए हैं।
बादलों ने ठिठुरन पर लगाया ब्रेक, चार दिन में छह डिग्री उछला रात का पारा
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दक्षिणी गुजरात के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण मध्य समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर अभी भी सक्रिय है। वहीं अन्य चक्रवातीय परिसंचरण मराठवाड़ा क्षेत्र में सक्रिय है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ मध्य छोभमंडलीय की पछुआ पवनों के बीच एक ट्रफ के रूप में 60° पूर्व देशांतर के सहारे 30 ° उत्तरी अक्षांश में अवस्थित है। पश्चिमी विदर्भ क्षेत्र के ऊपर मध्य समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण के कारण दक्षिण-पूर्वी हवाओं के साथ अभी भी पूर्वी मध्य प्रदेश में नमी आ रही है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक चक्रवातीय परिसंचरण के आगे बढ़ने और ट्रफ लाइन के कमजोर पड़ने के साथ बुधवार से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। मौसम साफ होने के साथ फिर से उत्तरी हवाएं चलने लगेंगी, जिससे तापमान में फिर गिरावट का दौर शुरू हो सकता है।











