बादलों ने दिलाई ठिठुरन से राहत, लगातार तीसरे दिन चढ़ा रात का पारा, दिन में ठंड बरकरार

बादलों ने दिलाई ठिठुरन से राहत, लगातार तीसरे दिन चढ़ा रात का पारा, दिन में ठंड बरकरार
 भोपाल। प्रदेश में बीते दो-तीन दिन से मौसम का मिजाज बदल गया है। दक्षिणी गुजरात के ऊपर मध्य समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवातीय घेरा अभी भी सक्रिय है, जो दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ अरब सागर से नमी खींच रहा है। उधर, दक्षिण कर्नाटक से लेकर विदर्भ तक फैली ट्रफ लाइन मध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर स्थित है, जो पूरे मध्य भारत में प्रति-चक्रवातीय दक्षिण-पूर्वी हवाओं के साथ बंगाल की खाडी से मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों की ओर नमी ला रही है। इन दो मौसमीय प्रणालियों के असर से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छा रहे हैं और पूर्वी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर बारिश हो रही है। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे हैं।

दिन में लुढ़का पारा, रात का पारा चढ़ा

राजधानी भोपाल में भी आंशिक बादलों का डेरा बरकरार है। मध्यम ऊंचाई पर छाए बादलों ने फिलहाल ठंड पर ब्रेक लगा दिया है। हवाओं का रुख उत्तरी व उत्तर-पूर्वी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल में लगातार तीसरे दिन रात के तापमान में इजाफा हुआ। वहीं दिन में तापमान दो दिन से लुढ़क रहा है। सोमवार को भोपाल में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 01 डिग्री सेल्सियस अधिक है। साथ ही पिछले दिन के न्यूनतम तापमान के मुकाबले भी 01 डिग्री ज्यादा है। तीन में रात के पारे में 04 डिग्री से ज्यादा उछाल आया है। वहीं रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 04 डिग्री सेल्सियस और पिछले दिन के मुकाबले 0.9 डिग्री कम रहा।

दो दिन बाद बढ़ेगी ठंड

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज अभी एक-दो दिन बना रह सकता है। मौसम साफ होने के कारण 14 फरवरी से फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी। राजधानी भोपाल में बादल बने रहने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना कम है, लेकिन रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
Advertisement