भोपाल। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव महिलाओं की विज्ञान में सहभागिता के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर सोमवार को दोपहर एक बजे कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर भोपाल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान एसटीईएम (साइंस, टेक्नोलाजी, इंजीनियरिंग, मैथ्स) में निपुण महिलाओं का सम्मान और रोजगार मेलों में चयनित महिला अभ्यर्थियों को आफर लेटर वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार और कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में इंडो जर्मन इनिसियेटिव फार टेक्निकल एजुकेशन अंतर्गत प्रदेश की सभी शासकीय आइटीआइ इंडस्ट्रीयल सेफ्टी ट्रेनिंग और आइआइटी इंदौर के सहयोग से महिला पालीटेक्निक कालेज भोपाल में प्रोक्योरमेंट एसेन्सियल फार स्टूडेंट एडवांसमेंट (पेसा) कोर्स प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही आइआइटी दिल्ली द्वारा उज्जैन में कोर्स ब्लेकचेन, जबलपुर में कोर्स आइओटी एवं एआइ तथा एसव्ही पालिटेक्निक भोपाल में कोर्स एआर/व्हीआर का शुभारंभ होगा।











