भोपाल। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने सीएम हाउस में कार्यालय समत्व भवन से विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत सिंगरौली और सेंधवा के हितग्राहियों से वर्चुअली चर्चा में कहा कि देश और प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार जनकल्याण के काम में जुटी है। सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र व्यक्ति आगे आएं और लाभ उठाएं। भाजपा सरकार गरीबों और वंचितों को सहायता व संबल दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके पहले वे स्वजनों के साथ मुख्यमंत्री आवास में पूजा-अर्चना की।
डा. यादव ने विधिवत शुक्रवार को सीएम हाउस में प्रवेश किया। मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान अब तक 19500 से अधिक ग्राम पंचायतों में शिविर का आयोजन हुआ और 41 लाख 35 हजार 788 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा चुका है। इस दौरान सेंधवा के भालेराव ने बताया कि उन्होंने मुद्रा लोन से मिली राशि से चाय की दुकान प्रारंभ की है।
वहीं, राहुल वाडिले ने बताया कि वे मोबाइल रिपेयरिंग करते हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वनिधि योजना, आयुष्मान कार्ड सहित उज्ज्वला योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उनके परिवार की महिलाओं को लाड़ली बहना योजना का भी लाभ मिला है। प्रधानमंत्री की जनोन्मुखी पहल से उनके परिवार का जीवन स्तर सुधरा है।
मुख्यमंत्री से सिंगरौली की ग्राम पंचायत ओड़गड़ी के रामसूरत साकेत, अनीता सिंह तथा गंगाराम वैश्य ने योजनाओं के लाभ से स्वयं और परिवार के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के संबंध में बात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। इस उत्सव में उत्साह और उमंग के साथ वर्चुअली सम्मिलित हों।











