भोपाल। चिकित्सा के क्षेत्र में भोपाल को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। दरअसल, हमीदिया अस्पताल में अगले माह तक बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट शुरू हो जाएगी। इसे लेकर हमीदिया अस्पताल प्रबंधन तैयारियों में जुट गया है। रविवार को गुरुग्राम के फोर्टिस हास्पिटल के बोनमैरो विशेषज्ञ डा. राहुल भार्गव ने हमीदिया अस्पताल के ब्लाक दो के चौथे तल पर बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट के लिए तय किए गए स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में मामूली बदलाव किए जाने और तकनीकी सुझाव हमीदिया अस्पताल की टीम को दिए।
डीन डा. सलिल भार्गव ने बताया कि उनके दिए गए सुझावों के अनुसार अस्पताल की तकनीकी टीम को बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही यूनिट को सुचारू रूप से चलाने के लिए जानकारी भी दी गई है। निरीक्षण के दौरान गांधी मेडिकल कालेज के डीन, हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डा. आरके निगम, पैथोलाजी एचओडी डा. श्वेता शर्मा, बोनमैरो यूनिट के नोडल अधिकारी डा. प्रतीक तिवारी, सह नोडल अधिकारी वैभव जैन आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
बता दें कि इस बोनमैरो यूनिट के शुरू होने से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के ब्लड कैंसर के मरीजों को आसानी से उपचार मिल सकेगा। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा।











