चुनाव से पहले ओबीसी वर्ग को साधेगी भाजपा, जिले में 5 हजार से कम जनसंख्या वाली जातियों का करेगी सम्मेलन

चुनाव से पहले ओबीसी वर्ग को साधेगी भाजपा, जिले में 5 हजार से कम जनसंख्या वाली जातियों का करेगी सम्मेलन

 भोपाल। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी प्रदेश भर में संचालित ओबीसी वर्ग के छात्रावासों में जाएं और वहां पढ़ने वाले छात्रों से संवाद करें। मोर्चा पदाधिकारी छात्रों से भाजपा की केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा छात्रों को लेकर चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करें।

छात्रों को जानकारी न हो तो उन्हें योजनाओं की पूरी जानकारी दें और योजनाओं से वंचित छात्रों को योजना का लाभ दिलाएं। पिछड़ा वर्ग मोर्चा लोकसभा क्षेत्र, जिला व विधानसभा क्षेत्रों में पांच हजार से कम जनसंख्या वाली ओबीसी वर्ग की जातियों के सम्मेलन आयोजित करें। यह बात भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

योजनाओं की जानकारी देने की कही बात

बैठक में राज्य शासन के मंत्री और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और नारायण सिंह कुशवाहा, प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर सहित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे। हितानंद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी ओबीसी वर्ग के सभी छात्रावासों में जाएं और वहां पढ़ने वाले छात्रों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार और मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग को लेकर चलाई जा रही योजनाओं और गरीब कल्याण व विकास कार्यों की जानकारी दें।

कार्यों को लेकर करें चर्चा

हितानंद ने कहा कि मोर्चा के दो राष्ट्रीय सम्मेलन पटना और कर्नाटक में आयोजित होंगे। दोनों आयोजनों में पार्टी के प्रदेश, जिला और मंडल के पदाधिकारियों के साथ ओबीसी वर्ग के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी अपेक्षित है। उन्होंने लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पिछड़ा वर्ग मोर्चा के करणीय कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।


Advertisement