श्रीनगर में 12वीं की छात्रा का सवाल सुनकर चौंके बांग्लादेशी हाई कमिश्नर, बोले- मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी

श्रीनगर में 12वीं की छात्रा का सवाल सुनकर चौंके बांग्लादेशी हाई कमिश्नर, बोले- मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी
नई दिल्ली: भारत में अपने कार्यकाल को याद करते हुए बांग्लादेश के हाई कमिश्नर ने कश्मीर के स्कूल का दिलचस्प अनुभव शेयर किया है। उन्होंने बताया कि करीब तीन सप्ताह पहले वह कश्मीर घाटी के श्रीनगर गए थे। एयरपोर्ट से सीधे वह दिल्ली पब्लिक स्कूल श्रीनगर पहुंचे।

रिआज हमीदुल्लाह ने कहा, स्कूल में उन्हें दो बातें बेहद खास लगीं। स्कूल में करीब 5,000 छात्र पढ़ते हैं, जिनमें लगभग 40 प्रतिशत छात्राएं हैं। इसी दौरान कक्षा 12 की एक छात्रा फातिमा ने उनसे मुलाकात की। फातिमा ने अपना परिचय रेडियो जॉकी के तौर पर दिया। हाई कमिश्नर ने कहा यह जानकर मुझे बहुत हैरानी हुई कि स्कूल में अपना डिजिटल रेडियो स्टेशन भी है।

फातिमा के सवाल ने चौंकाया

उन्होंने बताया कि फातिमा उन्हें रेडियो स्टूडियो में ले गई और वहां उनसे बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान छात्रा ने उनसे एक ऐसा सवाल पूछा, जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। फातिमा ने पूछा, 'आप सीमाओं को किस तरह देखते हैं?'

रियाज हमीदुल्लाह ने कहा कि श्रीनगर में बैठी एक युवा छात्रा का यह सवाल उनके लिए बेहद चौंकाने वाला था। उन्होंने छात्रा के सवाल को पूरी सहजता और खुलेपन के साथ लिया और अपना जवाब दिया।
हाई कमिश्नर ने कहा, 'सोचिए श्रीनगर में बैठी एक युवा लड़की यह सवाल पूछ रही है। मैंने इसे पूरी ईमानदारी से लिया और अपना जवाब दिया।'

बच्चों ने गाया अल्लामा इकबाल का गानाा

उन्होंने आगे बताया कि जब वह स्कूल से निकल रहे थे, तब उन्होंने कुछ बच्चों को गाना गाते हुए सुना। यह अल्लामा इकबाल की उनकी पसंदीदा रचनाओं में से एक थी। इस अनुभव ने उनकी श्रीनगर यात्रा की याद को और खास बना दिया।

बांग्लादेशी हाई कमिश्नर ने कहा कि इस पूरे अनुभव से उन्हें एक बात खास तौर पर महसूस हुई। उनके मुताबिक, अक्सर लोग उन रेखाओं और सीमाओं पर ध्यान केंद्रित करते हैं जो समाजों और देशों को बांटती हैं। लेकिन इसके साथ यह भी देखना चाहिए कि बड़ी आबादी किस तरह इन विभाजक रेखाओं और मतभेदों की परवाह किए बिना अपनी जिंदगी आगे बढ़ाती रहती है।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर के DPS में फातिमा से हुई बातचीत और बच्चों को इकबाल की रचना गाते सुनना उनके कार्यकाल की उन हालिया यादों में शामिल है, जो लंबे समय तक उनके साथ रहेंगी।
Advertisement