भोपाल। शहर के शिल्प और कला से आमजन को परिचित कराने व कलाकारों को पहचान दिलाने के लिए अब एक और आर्ट गैलरी तैयार हो रही है। शौर्य स्मारक के मुक्ताकाश मंच के पास लगभग 10 हजार स्क्वायर फीट में यह गैलरी को आकार लेगी। यहां बड़े क्षेत्रफल के हाल में कलाकारों को अपनी कलाकृतियों को प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। इस गैलरी में चार कक्ष तैयार किए जाएंगे। एक ही समय में अलग-अलग कलाकारों की प्रदर्शनी को प्रदर्शित किया जा सकेगा। स्वराज संचालनालय के अंतर्गत आने-वाले शौर्य स्मारक में मप्र पर्यटन विभाग द्वारा गैलरी को तैयार किया जा रहा है।
अलग-अलग गैलरियों में कर सकेंगे प्रदर्शन
अभी तक शहर में एकमात्र आर्ट गैलरी स्वराज संचालनालय में स्वराज कला वीथिका है, जहां प्रदर्शनी लगाने में कलाकार कम रुचि दिखा रहे थे। उनके पास दूसरा कोई और आप्शन नहीं है। लेकिन अब उन्हें यह आर्ट गैलरी की नई सौगात मिलेगी। कलाकारों की अधिक मांग को देखते हुए शौर्य स्मारक में गैलरी का निर्माण किया जा रहा है। शहर के बीच में कला को प्रदर्शित करने के लिए कलाकारों को मंच मिलेगा। इसके अलावा शौर्य स्मारक में आने वाले पर्यटक गैलरी में विजिट भी कर सकेंगे। इसके अलावा कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन अलग-अलग गैलरी के माध्यम से दिखा सकेंगे।
इन कलाओं को मिलेगा मंच
इसमें भोपाल के फोटोग्राफी क्लब के मेंबर्स अपनी बेस्ट फोटो प्रदर्शित कर सकेंगे। साथ ही मृदा शिल्प एवं पाटरी डेमोस्ट्रेशन भी होगा। शहर के कलाकार वुडन से तैयार आइटम्स डिस्प्ले कर सकेंगे। वहीं चित्रकारी से जुड़े समूह भी अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे।
गैलरी बनने से कलाकारों को नयी जगह प्राप्त होगी। एक समय पर अलग-अलग प्रदर्शनी को लगाया जा सकेगा। कलाकारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस गैलरी को तैयार किया जा रहा है।
- संतोष वर्मा, उपसंचालक, स्वराज संचालनालय











