अमेरिकी नौसेना ने अपने बयान में कहा, 'F/A-18E विमान को हैंगर-बे में खींचा जा रहा था। इसी दौरान विमान को खींचने वाले दल का नियंत्रण छूट गया। इससे विमान और ट्रैक्टर दोनों समुद्र में गिर गए। राहत की बात ये रही कि विमान को खींच रहे नाविकों ने विमान के गिरने से पहले खुद को बचा लिया।' नौसेना ने आगे बताया कि विमान वाहक पोत और उसके अन्य विमान काम कर रहे हैं। हादसे के बाद इसके कारणों की जांच की जा रही है। समुद्र में गिरे विमान की कीमत 67 मिलियन डॉलर से ज्यादा बताई गई है।
छह महीने में दूसरा हादसा
अमेरिकी नेवी के साथ हालिया महीनों में इस तरह का यह दूसरा हादसा है। छह महीने से भी कम समय में ट्रूमैन से दूसरी बार F/A-18 विमान का नुकसान हुआ है। इससे पहले एक विमान को अपनी ही गाइडेड मिसाइल क्रूजर से गलती से मार गिराया गया था। यह घटना पिछले साल हुई थी। हालांकि उस दौरान भी राहत की बात ये रही थी कि दोनों पायलट बच गए थे। अमेरिकी नौसेना के लिए इस विमान को समुद्र से ढूंढ़ना आसान नहीं होगा।हैरी ट्रूमैन पश्चिम एशिया में काम करने वाले दो अमेरिकी विमान वाहक पोतों में से एक है। अमेरिकी सेना बीते महीने से यमन के हूती विद्रोहियों पर हमले कर रही है। यह हमले क्षेत्र में जहाजों के लिए उनके खतरे को खत्म करने के लिए किए जा रहे हैं। ऐसे में अमेरिकी सेना ने इस क्षेत्र में अपनी सैन्य उपस्थिति को बढ़ाने के लिए कदम उठाए हैं। हालांकि इसमें अमेरिकी को नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।











