ढाबे पर खाना खाने जा रहे बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, साथी घायल

ढाबे पर खाना खाने जा रहे बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, साथी घायल
भोपाल। मिसरोद इलाके में रविवार-सोमवार की दरमियानी देर रात बाइक सवार दो युवकों को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। बाइक सवार दोस्त के जन्मदिन का केक काटने के बाद खाना खाने ढाबे पर जा रहे थे। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर सीसीटीवी की मदद से कार की तलाश शुरू कर दी है।

यह है घटनाक्रम

मिसरोद पुलिस के अनुसार मूलत: भिंड का रहने वाला 32 वर्षीय प्रशांत राजावत निजी काम करता था और भोपाल में फार्चून डिवाइन सिटी नर्मदापुरम रोड पर किराए पर कमरा लेकर दोस्त अंकुर सिंह के साथ रहता था। अंकुर भी भिंड का रहने वाला था। 18 मार्च को अंकुर का जन्मदिन था। 17 मार्च की रात 12 बजते ही अंकुर ने अपने जन्मदिन का केक काटा और घर में छोटी से पार्टी करने के बाद दोनों दोस्त खाना खाने के लिए वृंदावन ढाबा जाने के लिए बाइक से निकले थे। रास्ते में शनि मंदिर के पास पीछे से तेज रफ्तार कार आई, जिसने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों दोस्त बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जहां पर डाक्टरों ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया। अंकुर के पैर व हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं। उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मृतक के स्वजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।
Advertisement