भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। सोमवार को 10वीं कक्षा का पहला पेपर हुआ, वहीं मंगलवार यानी आज से 12वीं की परीक्षा शुरू गई है। 12वीं की परीक्षा में कुल 07 लाख 48 हजार 238 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। वहीं भोपाल जिले में करीब 106 परीक्षा केंद्रों पर करीब 25 हजार विद्यार्थी शामिल हुए हैं। पहला पेपर हिंदी का हो रहा।
परीक्षा सुबह ठीक 09 बजे शुरू हुई और 12 बजे तक है। 12वीं की परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 3,638 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 302 संवेदनशील और 309 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
एक घंटा पहले पहुंचे परीक्षार्थी
सोमवार को प्रश्नपत्र बहुप्रसारित होने की झूठी अफवाह के बाद मंगलवार को परीक्षा केंद्रों पर काफी सख्ती बरती गई। परीक्षा शुरू होने के बाद सभी के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी सुबह आठ बजे से ही परीक्षा केंद्र पर उपस्थति नजर आए। मंगलवार को ठंड बढ़ने के कारण विद्यार्थी स्वेटर व जैकेट में नजर आए, लेकिन काफी सघनता से सभी जांच की गई। जैकेट, टोपी और जूते उतरवाकर जांच की गई। सभी के प्रवेश पत्र पर मुद्रित क्यूआर कोड की भी स्कैनिंग की गई। 8.40 के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। केंद्र के बाहर पुलिस बल की भी तैनाती नजर आई। सुबह नौ बजे से परीक्षा शुरू हुई है, जो दोपहर 12 बजे समाप्त होगी। परीक्षा कक्ष में 20 विद्यार्थियों पर एक पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। एक बेंच पर एक परीक्षार्थी को बैठाया गया है।
भोपाल में 10 अतिसंवेदनशील केंद्र
भोपाल जिले के 106 परीक्षा केंद्रों में से 10 अतिसंवेदनशील और छह संवेदनशील परीक्षा केंद्र चयनित हैं। शासकीय उमावि रूनाहा में 10वीं की परीक्षा में एक नकल प्रकरण पाए जाने पर मंगलवार को उस सेंटर पर सख्ती बरती गई है। हर केंद्र का निरीक्षण उड़नदस्तों की टीम कर रही है।
अभिभावक भी सेंटर के बाहर नजर आए
सुबह से परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों व अभिभावकों की भीड़ नजर आई। कुछ केंद्रों पर अभिभावक अपने बच्चों को छोड़ने के लिए आए थे और बच्चों के अंदर प्रवेश करने के बाद बाहर बैठकर इंतजार करते नजर आएं। वहीं कुछ सरकारी स्कूलों के शिक्षक भी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए परीक्षा केंद्र पर नजर आए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का हौंसला बढ़ाया और जब तक परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं कर गए। तब तक डटे रहें।
हेल्पलाइन में करें काल
मंडल बोर्ड का टोल फ्री नंबर- 1800-2330175 प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे तक संचालित हो रहा है। टोल फ्री नंबर पर बच्चों को परीक्षा में तनाव रहित रहने के उपाय के साथ अन्य उपयोगी जानकारी भी दी जा रही है।











