कानपुर में सीएम योगी ने राहुल और अखिलेश पर तंज कसा। उन्होंने बिना नाम लिए कहा-

इस समय देश के अंदर 2 मियां हैं। एक छोटे और एक बड़े मियां। इन्हें घुसपैठियों से बहुत प्यार है। ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं। लेकिन दलितों, वंचितों, गरीबों और युवाओं का अपमान करते हैं।

योगी महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाने बिठूर पहुंचे थे। उन्होंने कहा- सपा की 2012 में जब सरकार बनी तो संत रविदास नगर के नाम को हटा दिया। आज फिर से भदोही को संत रविदास नगर कर दिया गया है।
अब काशी चमक गई है। अयोध्या और मां विंध्यवासिनी धाम फिर से चमक उठा है। अयोध्या में एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किया है। हमें अपनी विरासत पर गर्व है।
योगी ने वाल्मीकि आश्रम में जलाभिषेक और आरती की। बटुकों और साधु-संतों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद नाना साहब धुंधूपंत पेशवा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। CM ने 411 करोड़ रुपए के 48 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और लोकार्पण किया।
पढ़िए, CM योगी की 5 बड़ी बातें
1. अखिलेश जी, जनता आपको विदा कर चुकी है
अखिलेश यादव को एक बार विरासत में सत्ता मिली, लेकिन अब दोबारा सत्ता में आने का सपना छोड़ देना चाहिए। विरासत में गद्दी मिल सकती है, बुद्धि नहीं।
2. CAA का विरोध करने पर सपा-कांग्रेस से सवाल
योगी ने सपा-कांग्रेस से सवाल किया। पूछा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए पात्र हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन समुदायों को नागरिकता देने वाले कानून का विरोध क्यों किया।
3. पहले दंगाइयों और भू-माफिया को मिलता था संरक्षण
योगी ने सपा सरकार पर दंगाइयों और भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कोसी कलां, मुजफ्फरनगर और जवाहर बाग की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में आम लोग और पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं थे।
4. रामायण और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत समेटे है बिठूर
योगी ने कहा कि बिठूर महर्षि वाल्मीकि की साधना, रामायण, माता सीता और लव-कुश से जुड़ी भूमि है। यह नाना साहब पेशवा और तात्या टोपे जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत भी समेटे हुए है।
5. चार हजार स्थलों का होगा संरक्षण और सुंदरीकरण
योगी ने बाबा साहब आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े करीब 4 हजार स्थलों के विकास की योजना बताई। उन्होंने महिला पीएसी बटालियनों, महाराजा बिजली पासी स्मारक और रानी लक्ष्मीबाई की विरासत को संरक्षित करने के कार्यों का भी जिक्र किया।
योगी ने कहा- अखिलेश जी आपको सत्ता एक बार विरासत से मिल गई थी। काठ की हड़िया दोबारा नहीं चढ़ती। आपके कारनामे को देखकर प्रदेश की जनता आपको विदा कर चुकी है। दोबारा सपना देखना बंद कीजिए। विरासत में एक बार गद्दी मिल सकती है लेकिन बुद्धि नहीं मिलती। बुद्धि के लिए प्रयास करना होता है। जमीन पर उतरना होता है। और आपकी हरकतें को देख करके मैं कह सकता हूं कि आप गद्दी तो एक बार भले ही पा गए लेकिन अब गद्दी भी नहीं मिलने वाली है और बुद्धि तो पहले से ही नदारद थी
बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि यूपी में महाराज जी ने विकास किया लेकिन बिठूर पर विकास की गति देने के लिए विशेष कृपा रही है।
सपा सरकार के समय बिठूर के भीतर गांव का दंगा सबको याद है जब निर्दोषों को जेल भेज दिया गया था। 2017 से पहले यहां टूटी सड़के थी, 200 गांव में बिजली नहीं थी लेकिन योगी जी के सीएम बनने के बाद यहां विकास हुआ। जो नहीं था सब कुछ हो गया है। लेकिन सीएम के सामने मै यहां के विकास के लिए हमेशा झोली फैलाकर मांगता रहता हूं।
मंच पर पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, सांसद रमेश अवस्थी, मेयर प्रमिला पाण्डेय, बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा का मंत्री राहुल बच्चा सोनकर ने स्वागत किया।
योगी को सुनने के लिए लोग बिठूर नानाराव पेशवा पार्क पहुंच गए हैं। यहां पर सीएम जनसभा को संबोधित करेंगे। उससे पहले वह महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन करेंगे।
सुबह 10 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के तहत जनसभा स्थल पर सुबह 10 बजे से गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इसके बाद सीएम योगी बिठूर पहुंचेंगे। सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन करेंगे। फिर नानाराव पेशवा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री करीब 2 घंटे तक बिठूर में रह सकते हैं। इस दौरान वह विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।
400 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा की संभावना
मुख्यमंत्री की जनसभा में बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 400 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की घोषणा होने की संभावना है। इन परियोजनाओं में कई विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण की तैयारी की गई है।
इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD), कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA), नगर पंचायत और नगर पालिका समेत विभिन्न विभागों से परियोजनाओं की जानकारी मांगी गई है।
10 योजनाओं के लाभार्थियों को करेंगे सम्मानित
मुख्यमंत्री जनसभा के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी कर सकते हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं।
वृद्धावस्था पेंशन योजना
मुख्यमंत्री आवास योजना
राशन कार्ड योजना
टूल किट वितरण योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
इसके अलावा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किए जाने की तैयारी है। कार्यक्रम में करीब 10 योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल किया जा सकता है।
उपचुनाव के बाद सीएम के दौरे पर राजनीतिक चर्चा
मुख्यमंत्री के बिठूर दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। इसी महीने बिठूर क्षेत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई ने जीत दर्ज की थी।
ऐसे में उपचुनाव के बाद मुख्यमंत्री के इस दौरे को क्षेत्रीय विकास के साथ राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।

