"कला और सृजनात्मकता युवाओं के चरित्र, संवेदनशीलता और नेतृत्व को गढ़ती हैं; सार्थक अभिव्यक्ति से ही समाज व राष्ट्र को नई दिशा मिलती है" — प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता
बुंदेलखंड की कला और संस्कृति के सतरंगी रंगों से सजा अग्रणी महाविद्यालय: जिला स्तरीय युवा उत्सव में सृजनात्मकता और ऊर्जा का भव्य संगम
सागर/ पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर का प्रांगण आज सुर, ताल, लय और सृजनात्मकता के सतरंगी उत्सव से गुंजायमान हो उठा। जिला स्तरीय युवा उत्सव का अत्यंत भव्य, गरिमामयी और ऊर्जावान शुभारंभ लोकप्रिय विधायक शैलेंद्र जैन के करकमलों से हुआ, जिससे पूरे महाविद्यालयीन परिवेश में उमंग, उत्साह और कलात्मक छटा की नई बयार बह चली।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, रानी अवंती बाई विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. शक्ति जैन, उच्च शिक्षा विभाग सागर संभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक रामकुमार गोस्वामी, ओएसडी डॉ. भावना यादव, माय भारत के सीईओ रोहित यादव, पार्षद शैलेंद्र केसरवानी तथा समाजसेवी डॉ. नीलिमा पिंपलापुरे की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों ने माँ वाग्देवी (सरस्वती) की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजा-अर्चन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर ज्ञान, कला और रचनात्मकता के इस महापर्व का विधिवत शुभारंभ किया।
मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले के सभी महाविद्यालयों में पिछले दिनों संपन्न हुई 27 विधाओं की प्रतियोगिताओं में चयनित होकर जिला स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले 12 विधाओं के छात्र-छात्राएं आदिगुरु शंकराचार्य भवन और कला भवन में सजे विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का इंद्रधनुष बिखेरने के लिए एकत्र हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि भारतीय कला, संस्कृति और सभ्यता की पूरे विश्व में गौरवशाली पहचान रही है, जिसे युवा पीढ़ी के माध्यम से देश की सीमाओं के पार वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने बुंदेलखंड की पारंपरिक कलाओं—विशेषकर राई नृत्य के लिए श्रद्धेय रामसहाय पांडे और लोककला के रूप में मार्शल आर्ट (अखाड़ा) के लिए श्रद्धेय भगवानदास रैकवार को पद्मश्री सम्मान मिलने पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे बुंदेलखंड की कला और संस्कृति को विश्व स्तर पर सम्मान मिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी सुर-साधना व कला-साधना के माध्यम से समाज व देश को लाभान्वित करने की शुभकामनाएं दीं और कहा कि जितने कष्ट कंटकों में हैं, जिसका जीवन सुमन खिला, गौरव व गंध उसे उतना ही अत्र-तत्र-सर्वत्र मिला।
स्वागत उद्बोधन एवं सारगर्भित संदेश देते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि युवा उत्सव केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर अनुशासन, सांस्कृतिक आत्मगौरव, सामूहिकता और संवेदनशील नागरिकता के संस्कार गढ़ने वाला सार्थक माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा जब रचनात्मक संवेदना और सामाजिक सरोकारों से जुड़ती है, तभी वह व्यक्ति और समाज दोनों को नई दिशा देती है। प्राचार्य ने बताया कि युवा उत्सव के तहत जिला स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाली 12 प्रमुख विधाओं की प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित होकर बड़ी संख्या में प्रतिभागी छात्र-छात्राएं अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ यहां भाग लेने पहुंचे हैं। साथ ही उन्होंने निर्णायक मंडल में सागर नगर व प्रदेश के ख्यातिलब्ध लोक गायक शिवरतन यादव, अरविंद जैन तथा विभूति मलिक का स्वागत, वंदन व अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसी विदुषी और कलात्मक प्रतिभाएं युवाओं की सृजनात्मकता को तराशकर उनका मार्गदर्शन करेंगी और उन्हें आगे बढ़ाएंगी।
माय भारत के सीईओ रोहित यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन हमारी भारतीय संस्कृति और परंपरा को सहेजते हुए आगे बढ़ाते हैं; आज के दौर में हमारी संस्कृति वैश्विक स्तर पर 'सॉफ्ट पावर' की तरह विशेष शक्ति का काम करती है।
मंचासीन आमंत्रित अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक ऊर्जा, नवोन्मेष और उत्साह की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन समिति व युवा उत्सव प्रभारी डॉ. अभिलाषा जैन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उद्घाटन सत्र का कुशल संचालन डॉ. राणा कुंजर सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. नीलम सिंह ने माना।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि इस आयोजन में एकल वादन नान परकुशन, एकल वादन परकुशन, एकल वादन पाश्चात्य, एकल गायन शास्त्रीय, एकल गायन सुगम, समूह गायन भारतीय, एकल गायन पाश्चात्य, समूह गायन पाश्चात्य, लोक वाद्यवृन्द, एकल नृत्य शास्त्रीय, रचनात्मक नृत्य निर्देशन (क्रिएटिव कोरियोग्राफी) तथा समूह लोक नृत्य की कुल 12 विधाओं में चयनित होकर पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक क्रिएटिविटी, सुर-ताल और सृजनात्मक जौहर का प्रभावी व मनमोहक प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गोपा जैन, डॉ. विनय शर्मा, डॉ. संगीता कुंभारे, रेणु सोलंकी समेत महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, अतिथि विद्वान तथा छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस सांस्कृतिक व सृजनात्मक महोत्सव को यादगार बना दिया।

