मैदान पर पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्ट्राइक लेने वाले रमनदीप ने एंडिले सिमेलेन की गेंद को मिड ऑन पर हवा में तान दिया। गेंद बाउंड्री से बाहर जाकर गिरी तो भारतीय डगआउट में सभी ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। तालियां बजाने वालों में कप्तान सूर्यकुमार यादव भी शामिल थे। उन्हें पता था कि डेब्यू मैच की पहली गेंद पर छक्का उड़ाने की खुशी क्या होती है।
सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने टी20 करियर का आगाज किया था। उन्होंने 2021 में खतरनाक तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को छक्का जड़ते हुए पहली ही गेंद पर ऐसा करने वाले भारतीय बल्लेबाज होने का गौरव हासिल किया था। अब रमनदीप सिंह भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं। हालांकि, रमनदीप सिंह ऐसा करने वाले कप्तान से युवा हैं। रमनदीप की पारी हालांकि बहुत बड़ी नहीं रही, लेकिन उनका इंम्पैक्ट दमदार रहा। इसलिए वह खुश होंगे।
वह सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन उनकी यह पारी इसलिए यादगार रहेगी, क्योंकि उन्होंने ये रन 250 के स्ट्राइक रेट से बनाए थे। उन्होंने 6 गेंदों का सामना किया, जबकि एक चौका और एक छक्का लगाया। मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने तिलक वर्मा के नाबाद 107 रनों के दम पर 6 विकेट पर 219 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट पर 208 रन बनाए। उसके लिए सबसे अधिक मार्को यानसेन ने 17 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्के उड़ाते हुए 54 रनों की पारी खेली।
