हम यहां एक उदाहरण के लिए मेडिकल की पढ़ाई को ले रहे हैं, इसके साथ ही जानेंगे कि देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में से एक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया इसके लिए कितना तक स्टूडेंट लोन दे सकता है और इसकी पात्रता क्या है...
क्या एक करोड़ रुपये का एजुकेशन लोन मिल सकता है?
हां, एक करोड़ रुपये का एजुकेशन लोन मिल सकता है। यह लोन आपको 12वीं के बाद एंट्रेंस टेस्ट पास करने और कॉलेज अलॉट होने के आधार पर मिलता है। आप सभी जानते हैं कि मेडिकल की पढ़ाई में कितना अधिक खर्च आता है। इसके लिए लोग एजुकेशन लोन की मदद लेते हैं। एसबीआई बैंक पात्र छात्र या छात्रा को एक करोड़ रुपये तक का एजुकेशन लोन देने की सुविधा प्रदान करता है।बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, देश में हाई एजुकेशन के लिए एसबीआई एक करोड़ रुपये तक का लोन दे रहा है। बैंक के अनुसार, अगर आपको मेडिकल कोर्स जैसे एमबीबीएस, एमडी या एमएस की पढ़ाई के लिए लोन लेना है तो आपका एडमिशन NIRF द्वारा टॉप 100 स्थान पाए संस्थान में हो रहा हो। अगर आपका एडमिशन इनमें हो रहा है तो आपको मेडिकल कोर्स (MBBS / MD / MS) के लिए 75 लाख रुपये तक और डेंटल सहित अन्य सभी कोर्स के लिए 50 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है। वहीं, अन्य संस्थानों के लिए यह लोन 50 लाख और 30 लाख रुपये तक का मिल सकता है।
एक करोड़ रुपये तक का एजुकेशन लोन चाहिए?
अब बात एक करोड़ रुपये तक के एजुकेशन लोन की करते हैं। एसबीआई के द्वारा एक करोड़ रुपये के लोन के लिए भी व्यवस्था है। बैंक कहता है कि भारत में पढ़ाई के लिए उच्च ऋण सीमा मामलों के आधार पर विचार किया जा सकता है :अगर आप मेडिकल कोर्स (MBBS / MD / MS) के लिए एडमिशन लेते हैं तो आपको आवश्यकता और पात्रता के अनुसार, एक करोड़ रुपये तक का लोन मिल सकता है। यह NIRF द्वारा टॉप 100 स्थान पाए संस्थानों में एडमिशन के लिए है। अधिक जानकारी के लिए आप बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या ब्रांच में विजिट कर सकते हैं। यह राशि सावधि ऋण है, मतलब कि एक बार में ही आपको लोन का पूरा पैसा मिल सकता है।
लोन के लिए प्रोसेसिंग फीस कितनी है?
- अगर आप 10 लाख रुपये तक का एजुकेशन लोन लेते हैं तो प्रोसेसिंग फीस नहीं लगती है।
- 10 लाख रुपये से अधिक और 20 लाख रुपये तक की लोन राशि पर 5 हजार रुपये और जीएसटी लगेगी।
- 20 लाख रुपये से अधिक की लोन राशि पर 0.50% (अधिकतम 25,000 रुपये) और जीएसटी लगेगी।
लोन को कब चुका देना होता है?
- एसबीआई के अनुसार, कोर्स पूरा होने के एक साल बाद से लोन को चुकाने के लिए समय की शुरुआत होती है।
- लोन की वापसी शुरू होने के 15 साल के अंदर लोन चुकाना होगा।
- अगर बाद में हायर एजुकेशन के लिए दूसरा लोन लिया जाता है, तो दोनों लोन दूसरे कोर्स के पूरा होने के 15 साल के अंदर चुकाने होंगे।
एजुकेशन लोन के लिए पात्रता क्या है?
- एजुकेशन लोन के लिए पात्रता अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन हम यहां बात एसबीआई की कर रहे हैं। देश यानी कि भारत में पढ़ाई के लिए UGC, AICTE, IMC या सरकार जैसी संस्थाओं से मान्यता प्राप्त कॉलेजों या विश्वविद्यालयों द्वारा चलाए जाने वाले अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट कोर्स (जिनमें रेगुलर टेक्निकल और प्रोफेशनल डिग्री/डिप्लोमा प्रोग्राम शामिल हैं); और IIT, IIM आदि जैसे स्वायत्त संस्थानों द्वारा चलाए जाने वाले रेगुलर डिग्री/डिप्लोमा प्रोग्राम।
- केंद्र या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त टीचर ट्रेनिंग या नर्सिंग कोर्स।
- एरोनॉटिक्स, पायलट ट्रेनिंग और शिपिंग जैसे क्षेत्रों में रेगुलर डिग्री/डिप्लोमा कोर्स, जिन्हें डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन, शिपिंग या संबंधित रेगुलेटरी अथॉरिटी से मान्यता मिली हो।
- जाने-माने विश्वविद्यालयों द्वारा कराए जाने वाले नौकरी दिलाने वाले वोकेशनल/टेक्निकल अंडरग्रेजुएट और पोस्ट-ग्रेजुएट कोर्स, साथ ही डिप्लोमा कोर्स (जैसे MCA, MBA, MS, आदि)।
- इन सभी कोर्स में एडमिशन की पात्रता होने के बाद आपको एजुकेशन लोन मिल सकता है।
- इस लोन में कॉलेज, स्कूल, हॉस्टल की फीस, परीक्षा, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला की फीस, पढ़ाई के लिए जरूरी किताब, कॉपी समेत अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए राशि समेत अन्य खर्च को कवर किया जाता है।
लोन के लिए आवश्यक दस्तावेज क्या चाहिए?
लोन के लिए जरूरी दस्तावेजों में फॉर्म, केवाईसी दस्तावेज, 12वीं की मार्कशीट, एंट्रेस एग्जाम पास करने का प्रमाण, सर्टिफिकेट, एडमिशन के लिए कॉलेज अलॉट का कागजात, स्टूडेंट की सभी जरूरी शिक्षा की जानकारी और दस्तावेज, सह-आवेदक, गारंट के लिए आय प्रमाण पत्र, बैंक खाता, बैंक अकाउंट स्टेटमेंट समेत अन्य चीजें लोन के लिए बैंक आपसे मांग सकता है। आप एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर या संबंधित बैंक की शाखा में जाकर एजुकेशन या स्टूडेंट लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं।- सावधि ऋण क्या है?
सावधि ऋण की बात करें तो यह एक ऐसा लोन है, जिसे बैंक ग्राहक को एकमुश्त राशि (लोन की राशि) देता है। इसे आपको तय समय में तय EMI के जरिए चुकाना होता है। - क्या 12वीं की मार्कशीट पर लोन मिल सकता है?
हां, 12वीं की मार्कशीट पर लोन मिल सकता है। - मेडिकल की पढ़ाई के लिए कितना लोन मिल सकता है?
मेडिकल की पढ़ाई के लिए 1 करोड़ या उससे अधिक का भी लोन मिल सकता है। यह आपकी पात्रता, जरूरत और एडमिशन कराने वाली संस्था और उसकी जगह पर निर्भर करता है। - एसबीआई स्टूडेंट लोन की ब्याज दर क्या है?
एसबीआई स्टूडेंट लोन की ब्याज दर 8.20% से शुरू होती हैं। समय के साथ इसमें बदलाव होते रहता है। - एजुकेशन लोन पर क्या टैक्स में छूट मिलती है?
हां, एजुकेशन लोन में ब्याज पर टैक्स छूट मिल सकती है।
