अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिकी फौजों ने हत्या कर दी थी। तेहरान में उनके घर को मिसाइलों से निशाना बनाया था। इस हमले के बाद दोनों पक्षों में लड़ाई शुरू हो गई और संघर्ष के बीच अली खामेनेई की जगह उनके बेटे को सुप्रीम लीडर चुना गया था। ईरानी अधिकारियों ने अब अपने पूर्व सुप्रीम नेता को भव्य अंतिम विदाई देने का फैसला किया है।
लंबे समय से नहीं दिखे हैं मोजतबा
28 फरवरी को हुए हमले में 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई भी घायल हो गए थे। उनको चेहरे का गंभीर चोट और पैर में घाव होने की बात सामने आई थी। उनके स्वास्थ्य पर कई तरह के दावे भी किए जाते रहे हैं। हालांकि ईरानी अफसरों ने कहा है कि मोजतबा स्वस्थ हैं और अपने कामकाज को अंजाम दे रहे हैं। उनके लिखित बयान मीडिया में आते रहे हैं।रविवार को ईरान के नेशनल ज्यूडिशियरी वीक के मौके पर दिए गए ताजा बयान में मोजतबा खामेनेई ने न्यायपालिका को निर्देश दिया कि वे जून 2025 के युद्ध और फरवरी में शुरू हुए हालिया युद्ध के दौरान हुए अपराधों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें। वे खुद कैमरे के सामने नहीं आए हैं इसलिए अली खामेनेई का अंतिम संस्कार पर दुनिया की नजर है।
मोजतबा पर्दे के पीछे से एक्टिव
ईरान के शीर्ष नेताओं के लिए ऐसे मौके (बड़े नेता का अंतिम संस्कार) अपनी एकजुटता दिखाने का जरिया रहे हैं। अली खामेनेई खुद सालों तक अपने पूर्ववर्ती रुहोल्लाह खुमैनी की याद में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होते रहे। बहुत से विश्लेषक मान रहे हैं कि अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए मोजतबा आ सकते हैं।ईरानी अधिकारियों ने मोजतबा के बारे में कोई साफ संकेत नहीं दिया है। ऐसे में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि मोजतबाके स्वास्थ्य से जुड़े शुरुआती दावों के उलट हाल में आई रिपोर्टों से पता चलता है कि वह अमेरिका के साथ युद्धविराम की बातचीत पर्दे के पीछे से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।











