इस साल जुलाई में अंजू पर्यटक वीजा पर पाकिस्तान चली गई थीं। दो बच्चों की मां अंजू से राजस्थान में रहने वाले उनके परिवार ने सपंर्क किया तो पता चला कि वह पाकिस्तान में हैं। अंजू ने बताया कि वह पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के रहने वाले नसरुल्ला से मिलने आई हैं। जिनसे उनकी मुलाकात फेसबुक पर हुई थी। इसके बाद तो अंजू भारत और पाकिस्तान की मीडिया में छा गईं। करीब पांच महीने पाकिस्तान में बिताने के बाद अब वह अटारी वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत आई हैं।
पाकिस्तान जाकर कर ली थी शादी, बच्चों के लिए लौटीं
पाकिस्तान में अंजू ने नसरुल्ला से शादी कर ली थी। दोनों की शादी की तस्वीरें और मैरिज सर्टिफिकेट भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अंजू ने अपना नाम भी बदलकर फातिमा रख लिया था। कुछ समय पहले अंजू ने कहा था कि उसको अपने बच्चों की याद सता रही है। ऐसे में वह अपने बच्चों को लिए वीजा को और नहीं बढ़वाएंगी और भारत लौटेंगी। नसरुल्ला ने भी कहा था कि अंजू अपने बच्चों से मिलने के लिए परेशान हैं तो ऐसे में उनका भारत जाना बेहतर है। अंजू के इससे पहले अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में भारत लौटने की खबर आई थी लेकिन दस्तावेजी प्रक्रिया में समय लग जाने की वजह से उनके भारत लौटने में देर हुई।अंजू की शादी राजस्थान के रहने वाले अरविंद से हुई थी और उनकी एक बेटी और एक बेटा है। अंजू की अपने पति अरविंद से भी अनबन की बात सामने आई थी। ऐसे में अभी तक यह साफ नहीं है कि अंजू अपने पति अरविंद के पास जाएगी या पिता के पास जाएगी। अंजू के दोनों बच्चे फिलहाल अपने पिता के पास हैं। अंजू के पिता और पति दोनों ही उससे रिश्ता ना रखने की बात कह चुके हैं।











