ट्रंप की ताजा टिप्पणी ऐसे समय में आई जब ईरान के अंदर व्यापक विरोध प्रदर्शनों को लेकर वॉशिंगटन और तेहरान के बीच तीखी बयानबाजी हुई है। ईरान में प्रदर्शनकारियों को ट्रंप ने खुला समर्थन दिया था और कहा था कि अगर अधिकारी लोगों को मारते हैं तो अमेरिका हमला करेगा। वहीं, तेहरान ने ट्रंप को सीधी चेतावनी दी थी कि अगर देश के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को मारने की कोई भी कोशिश होती है तो ईरान इसे पूर्ण युद्ध का ऐलान समझेगा।
ईरानी सेना की ट्रंप को खुली धमकी
ईरान की सेना के प्रवक्ता 'जनरल अबोलफजर शेकरची ने कहा था कि ट्रंप जानते हैं कि अगर हमारे नेता की तरफ कोई हमलावर हाथ बढ़ाया गया तो हम न सिर्फ उस हाथ को काट देंगे, बल्कि उनकी दुनिया में आग भी लगा देंगे।' ईरानी सैन्य प्रवक्ता का बयान ट्रंप के पॉलिटिको को दिए इंटरव्यू का जवाब माना गया। ट्रंप ने पॉलिटिको से बातचीत में खामेनेई को एक 'बीमार आदमी' बताया और कहा कि ईरान में 'अब नए नेतृत्व को ढूढ़ने का समय आ गया है।'ईरान में पिछले साल के आखिर में शुरू हुई विरोध प्रदर्शनों के बाद तेहरान और वॉशिंगटन में तनाव बढ़ गया है। महंगाई और गिरती अर्थव्यवस्था के खिलाफ शुरू हुए प्रदर्शन देखते ही देखते सत्ता विरोधी आंदोलन में बदल गए। ईरान में अधिकारियों ने इसे अमेरिका और इजरायल की साजिश बताया और प्रदर्शनों को सख्ती से दबाया। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार समूहों का कहना है कि दमनपूर्ण कार्रवाई में 4500 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। कुछ आंकड़े इस संख्या को 12000 से ऊपर बताते हैं।











