वॉल स्ट्रीट जनरल के मुताबिक, यूएई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव पारित कराने के लिए पैरवी कर रहा है, जो इस तरह की कार्रवाई को अधिकृत करेगा। यूएई के एक अधिकारी ने कहा कि अमीराती राजनयिकों ने अमेरिका, यूरोप और एशिया की सैन्य शक्तियों से होर्मुज में सेना भेजकर इसे बलपूर्वक खोलने के लिए एक गठबंधन बनाने का आग्रह किया है।
ट्रंप ने दिए जंग से निकलने के संकेत
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आने वाले दो से तीन हफ्तों में ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान बंद करने की बात कही है। ट्रंप ने यह संकेत भी दिया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की कोशिश नहीं करेंगे। उन्होंने सहयोगियों से कहा है कि वे अमेरिका से तेल खरीदें या खुद इस जलडमरूमध्य को खोलें।ईरान युद्ध में होर्मुज स्ट्रेट एक अहम केंद्र बिंदु बना हुआ है। अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में ईरान ने इस समुद्री रूट को बंद कर दिया है। इसके बंद होने से यूएई और दूसरे खाड़ी देशों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। खाड़ी के देश इसी जलडमरूमध्य के रास्ते तेल और गैस का निर्यात दुनियाभर में करते हैं।
ईरान पर क्यों भड़का है यूएई
यूएई को उन चुनिंदा मुस्लिम बाहुल्य देशों में गिना जाता है, जिसके इजरायल से काफी अच्छे संबंध हैं। वहीं ईरान से यूएई के रिश्ते अच्छे नहीं रहे हैं। ये तनाव हालिया दिनों में काफी ज्यादा बढ़ गया है। ईरान में युद्ध शुरू होने यानी 28 फरवरी के बाद यूएई की तेहरान से नाराजगी बढ़ने क दो अहम वजह हैं।ईरान ने एक तरफ होर्मुज स्ट्रेट को बंद करते हुए यूएई को आर्थिक झटका दिया है क्योंकि देश की माली हालत तेल-गैस के निर्यात पर निर्भर है। दूसरी ओर ईरान ने यूएई स्थित अमेरिका के आर्मी बेस और दूसरे ठिकानों को निशाना बनाया है। इससे यूएई के बड़े शहरों में एक डर और अस्थिरता की स्थिति पैदा हो रही है।











