सीएनएन ने मामले से परिचित लोगों के हवाले से की गई रिपोर्ट में बताया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीते कुछ समय से अपने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों से अफगानिस्तान के बगराम एयरबेस पर बातचीत कर रहे हैं। वह अपने अफसरों पर इस बेस को तालिबान से वापस लेने का रास्ता ढूंढने के लिए दबाव डाल रहे हैं।
ट्रंप का बगराम पर बयान
डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार सार्वजनिक रूप से माना है कि उनका प्रशासन काबुल के पास स्थित इस बेस पर फिर से नियंत्रण पाने के लिए काम कर रहा है। ट्रंप ने गुरुवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने बगराम को फ्री में तालिबान को दे दिया था। अब हम इसे वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं।सूत्रों ने सीएनएन को बताया कि बेस को अमेरिकी नियंत्रण में वापस करने की बातचीत कम से कम इस साल मार्च से चल रही है। ट्रंप और उनके वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि इस बेस की कई वजहों से जरूरत है। इन जरूरतों में चीन पर नजर रखना अहम है। इसके अलावा अफगानिस्तान के खनिज तत्वों तक पहुंच, आईएसआईएस को निशाना बनाने के लिए केंद्र स्थापित करना और राजनयिक सुविधा फिर से खोलना शामिल है।











