ट्रम्प ने कनाडा पर 35% टैरिफ लगाया:बोले- अगर जवाब दिया तो और बढ़ा देंगे

ट्रम्प ने कनाडा पर 35% टैरिफ लगाया:बोले- अगर जवाब दिया तो और बढ़ा देंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कनाडा से आने वाले सामान पर 35% टैरिफ लगाने का फैसला किया है। ट्रम्प ने गुरुवार को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को लेटर भेजकर यह ऐलान किया।

लेटर के मुताबिक अमेरिका 1 अगस्त 2025 से कनाडा पर नए टैरिफ लागू होंगे। ट्रम्प ने चेतावनी भी दी कि अगर कनाडा ने इसका जवाब दिया, तो यह टैरिफ और बढ़ा दिया जाएगा।

अमेरिका पहले ही कनाडा पर मार्च 2025 में 25% टैरिफ लगा चुका है। यह कदम दोनों देशों के दशकों पुराने व्यापारिक और कूटनीतिक रिश्तों में बड़ी दरार एक माना जा रहा है।

ब्राजील पर 50% टैरिफ लगाया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को ब्राजील से आयात होने वाले सामानों पर 50% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसे लेकर उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक लेटर शेयर किया। इसमें उन्होंने ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति और अपने दोस्त जायर बोल्सोनारो के खिलाफ चल रहे मुकदमे की निंदा की।

ट्रम्प ने कहा कि बोल्सोनारो के खिलाफ चल रहा मुकदमा ब्राजील के लिए एक "अंतरराष्ट्रीय शर्मिंदगी" है, यह एक तरह "विच हंट" (बिना किसी ठोस सबूत के आरोप लगाना) है।

बोल्सोनारो पर 8 जनवरी 2023 को ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में हुए दंगों के लिए कथित रूप से तख्तापलट की कोशिश का आरोप है।

ट्रम्प बोले- बोल्सोनारो पर मुकदमा तुरंत खत्म हो

ट्रम्प ने कहा- ब्राजील में फ्री इलेक्शन पर हमला हो रहा है और अमेरिकी लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी को कंट्रोल किया जा रहा है। इस वजह से 1 अगस्त 2025 से ब्राजील से अमेरिका आने वाले सभी उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाया जाएगा।"

ट्रम्प ने लिखा- ब्राजील ने पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो एक सम्मानित नेता थे। उनके साथ जो व्यवहार किया, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मनाक है। यह मुकदमा तुरंत खत्म होना चाहिए।"

उन्होंने ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट की तरफ से बोल्सोनारो को अगले चुनाव में भाग लेने से रोकने और ट्रम्प के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल और रंबल पर सेंसरशिप आदेशों का भी जिक्र किया।


Advertisement