एक ही बच्ची को तीन बार बेच डाला, मुजफ्फरपुर में शर्मनाक कांड का खुलासा
मुजफ्फरपुर: परिवार में हुए विवाद के बाद गुस्से में कहलगांव की एक नाबालिग बच्ची घर छोड़कर भाग गई। लेकिन वो जिस्म के दलालों के चंगुल में फंस गई। स्टेशन पर उसे अच्छी नौकरी का झांसा देकर एक धंधेबाज ने पूर्णिया के एक ऑर्केस्ट्रा संचालक को 30 हजार रुपये में बेच दिया। इसके बाद पूर्णिया के ऑर्केस्ट्रा संचालक ने मोतिहारी के दूसरे ऑर्केस्ट्रा संचालक के हाथों उसे बेच दिया। 15 दिन पहले मोतिहारी के ऑर्केस्ट्रा संचालक महेश प्रसाद ने उसे मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर में एक महिला को बेच दिया। यहां उसे बंधक बनाकर रखा गया था। लेकिन लड़की ने हिम्मत जुटाई और किसी तरह से एक फोन ढूंढ 112 नंबर पर कॉल कर दिया। 15 मिनट में ही 112 नंबर की पुलिस जीप गन्नीपुर में पहुंच गई। पुलिस को देख धंधेबाज महिला मौके से फरार हो गई। वहीं किशोरी को काजी मोहम्मदपुर पुलिस अपने साथ मुक्त करा कर थाने ले आई।दरिदों ने बच्ची पर ढाया बेइंतहा जुल्म
अपनी आपबीती सुनाते हुए पीड़िता ने कहा कि शुरुआत में उसे इतना मारा-पीटा गया कि वह लाचार हो गई । यौन उत्पीड़न की सारी हदें पार कर दी गईं। हर प्रोग्राम से पहले बता दिया जाता था कि पिस्टल लिए कई युवक आसपास खड़े हैं। मुंह खोलने की कोशिश की या शोर मचाया तो गोली मार दी जाएगी। डर से शोर मचाने या भागने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। किसी प्रकार हिम्मत जुटाकर 112 नंबर पर फोन किया, उसके बाद पहुंची पुलिस ने उसे धंधेबाजों के चंगुल से छुड़ाया।











