भारत में अपने राजनयिक को तैनात करना चाहता है तालिबान, चीन की तरह क्या मोदी सरकार भी देगी मंजूरी? फंसा पेंच
काबुल: भारत में अफगानिस्तान की सबसे वरिष्ठ राजनयिक के इस्तीफा देने के बाद तालिबान खाली हुई जगह को भरने के लिए अपने आदमी की नियुक्ति करना चाहता है। संयुक्त राष्ट्र में अफगानिस्तान की पिछली लोकतांत्रिक सरकार के प्रतिनिधि नसीर अहमद फैक ने इस बारे में दावा किया है। द हिंदू से बातचीत में नसीर अहमद ने भारत और अन्य देशों से तालिबान सरकार के साथ संबंध सामान्य नहीं करने का आग्रह किया है। इसके पहले भारत में अफगानिस्तान की सबसे वरिष्ठ राजनयिक जाकिया वारदाक ने सोने की तस्करी में पकड़े जाने के बाद इस्तीफा दे दिया था। वे भारत में मुंबई स्थित अफगानिस्तान के महावाणिज्य दूतावास में कांसुलेट जनरल के साथ ही दूतावास का काम देख रही थीं।











