दंतेवाड़ा। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), द्वारा ’’ए-हेल्प’’ ( पशुधन स्वास्थ्य एवं पशुधन उत्पादन विस्तार हेतु मान्यता प्राप्त अभिकर्ता) अंतर्गत आयोजित 15 दिवसीय आवासीय पशु सखी प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक समापन किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एम. भार्गव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा ने सभी प्रशिक्षार्थियों को पशु सखी टूलकिट वितरित किए। उन्होंने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग कर ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण सेवायें प्रदान करें तथा पशुधन विकास एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम के दौरान नितेश देवांगन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (बिहान) ने प्रतिभागियों को बिहान योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए शासन की विभिन्न आजीविका एवं स्वरोजगार योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार काकड़े (एलडीएम), उमेश पाल (डीपीएम, बिहान), डॉ. चंद्रा (पशु चिकित्सा विभाग, दंतेवाड़ा), डॉ. मिथिलेश उप्पल (प्रशिक्षक) तथा ओम प्रकाश साहू (फैकल्टी, आरसेटी) सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यजीवन की शुभकामनाओं के साथ किया गया।











