एलपीजी संकट बरकरार: नए कनेक्शन बंद, सिलेंडर के लिए 25 दिन का इंतजार

एलपीजी संकट बरकरार: नए कनेक्शन बंद, सिलेंडर के लिए 25 दिन का इंतजार

राजनांदगांव। जिले में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत अब भी बनी हुई है। पेट्रोल की आपूर्ति सामान्य होने के बावजूद घरेलू गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि बुकिंग के बाद सिलेंडर मिलने में करीब 25 दिन लग रहे हैं, जबकि नए एलपीजी कनेक्शन के लिए आवेदन भी फिलहाल बंद हैं।

खाद्य विभाग के अनुसार अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान सप्लाई चेन प्रभावित होने के बाद नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया रोक दी गई थी। फिलहाल उज्ज्वला योजना के तहत भी नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। इससे नए उपभोक्ताओं के साथ-साथ पुराने उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मठपारा निवासी श्रीधर गजभिए ने बताया कि घर में विवाह या अन्य पारिवारिक कार्यक्रम होने पर गैस की खपत बढ़ जाती है, लेकिन समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से काफी दिक्कत होती है। एजेंसियां विकल्प के तौर पर व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलेंडर लेने की सलाह देती हैं, जिसकी कीमत 3200 से 3300 रुपये तक होने से आम उपभोक्ता उसे लेने से बच रहे हैं।

इस बीच बाजार में प्रतिबंधित हरे रंग के 'गौ गैस' सिलेंडरों के अवैध उपयोग की शिकायतें भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि कई निजी दुकानों में इन सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मामले की शिकायत खाद्य विभाग से की गई है, जिसके बाद विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


Advertisement