आपने वजन कम करने के लिए वर्कआउट शुरू किया, डाइट का ध्यान रखना भी शुरू किया, लेकिन कुछ दिनों बाद जब वजन वाली मशीन पर खड़े हुए तो बॉडी वेट कम होने के बजाय बढ़ा हुआ मिला। ऐसे में निराश होना स्वाभाविक है। कई लोगों को लगता है कि शायद उनकी एक्सरसाइज का कोई फायदा नहीं हो रहा या शरीर में फैट बढ़ने लगा है। लेकिन जरूरी नहीं कि ऐसा ही हो। वर्कआउट शुरू करने के शुरुआती दिनों और हफ्तों में शरीर कई तरह के बदलावों से गुजरता है। मांसपेशियों की रिकवरी, उनमें जमा ग्लाइकोजन, पानी का अस्थायी रूप से रुकना और मसल्स में होने वाले बदलाव वजन बढ़ने की वजह बन सकते हैं। इसलिए सिर्फ वजन मशीन के बढ़े नंबर को देखकर अपनी मेहनत का आकलन करना सही नहीं है। आगे समझते हैं कि एक्सरसाइज शुरू करने के बाद वजन क्यों बढ़ सकता है।
वर्कआउट शुरू करने के शुरुआती हफ्तों में वजन क्यों बढ़ सकता है?
जब आप लंबे समय तक शारीरिक गतिविधि नहीं करते और अचानक वर्कआउट शुरू कर देते हैं, तो मांसपेशियों पर पहले से ज्यादा दबाव पड़ता है। खासकर वेट ट्रेनिंग, स्क्वाट, लंजेस और हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज के दौरान मांसपेशियों को नई शारीरिक चुनौती का सामना करना पड़ता है। शरीर इस नए रूटीन के अनुसार खुद को ढालने की कोशिश करता है।
क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार इस प्रक्रिया में मांसपेशियों की मरम्मत और रिकवरी से जुड़े बदलाव होते हैं। साथ ही, शरीर अपनी ऊर्जा की जरूरत के अनुसार मांसपेशियों में ग्लाइकोजन का भंडार भी बढ़ा सकता है। इन बदलावों के कारण शुरुआती दिनों में वजन कुछ बढ़ा हुआ दिख सकता है। नया एक्सरसाइज रूटीन शुरू करने पर कुछ लोगों का वजन अस्थायी रूप से बढ़ सकता है। इसकी वजह मांसपेशियों में सूजन, ग्लाइकोजन के साथ जमा पानी और मसल्स में बदलाव हो सकते हैं।
क्या पोस्ट वर्कआउट वाटर रिटेनशन मांसपेशियों की रिकवरी का संकेत है?
एक्सरसाइज के बाद मांसपेशियों में हल्की सूजन या अकड़न महसूस होना आम बात हो सकती है, खासकर जब आपने नया वर्कआउट शुरू किया हो या सामान्य से ज्यादा मेहनत की हो। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि मांसपेशियों पर पड़े दबाव के बाद शरीर उनकी मरम्मत और रिकवरी की प्रक्रिया शुरू करता है। इस दौरान प्रभावित ऊतकों में सूजन और तरल पदार्थ का जमाव हो सकता है। इस स्थिति को मांसपेशियों में होने वाले अस्थायी इंफ्लेमेटरी रिस्पॉन्स से जोड़कर देखा जाता है। मांसपेशियों में पानी जमा होने से उनका आकार कुछ समय के लिए बढ़ सकता है और शरीर का कुल वजन भी प्रभावित हो सकता है।
एनसीबीआई के अनुसार मांसपेशियों को नुकसान पहुंचाने वाली एक्सरसाइज, विशेषकर ऐसी गतिविधियां जिनमें मांसपेशियां खिंचाव के दौरान काम करती हैं, के बाद सूजन, दर्द और मांसपेशियों की कार्यक्षमता में अस्थायी बदलाव हो सकते हैं। हालांकि, पानी का रुकना हमेशा इस बात का प्रमाण नहीं है कि मांसपेशियां अच्छी तरह रिकवर कर रही हैं। हल्की अकड़न सामान्य हो सकती है, लेकिन बहुत ज्यादा दर्द, असामान्य सूजन या लंबे समय तक परेशानी होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
ग्लाइकोजन स्टोरेज से वजन कैसे बढ़ सकता है?
ग्लाइकोजन (Glycogen) शरीर में ग्लूकोज को स्टोर करने का एक तरीका है। यह मुख्य रूप से मांसपेशियों और लिवर में जमा रहता है और जरूरत पड़ने पर शरीर को ऊर्जा उपलब्ध कराने में मदद करता है। जब आप नियमित रूप से एक्सरसाइज करना शुरू करते हैं, तो मांसपेशियों को काम करने के लिए ऊर्जा की जरूरत बढ़ जाती है। शरीर इसी जरूरत को पूरा करने के लिए ग्लाइकोजन के भंडार को बनाए रखने या बढ़ाने की प्रक्रिया अपनाता है।
ग्लाइकोजन के साथ पानी का संबंध भी होता है। आमतौर पर माना जाता है कि एक ग्राम ग्लाइकोजन के स्टोरेज के साथ लगभग तीन ग्राम पानी भी जमा हो सकता है। इसका मतलब है कि मांसपेशियों में ग्लाइकोजन बढ़ने पर शरीर में पानी की मात्रा भी बढ़ सकती है। इससे वजन मशीन पर आंकड़ा ऊपर जा सकता है, भले ही शरीर में फैट न बढ़ा हो।
एनसीबीआई के अनुसार एक स्टडी में व्यायाम के बाद रिकवरी के दौरान मांसपेशियों में ग्लाइकोजन और पानी के स्तर का अध्ययन किया गया। शोधकर्ताओं ने ग्लाइकोजन के प्रत्येक ग्राम के साथ लगभग तीन ग्राम पानी जमा होने की बात का समर्थन किया। हालांकि, वास्तविक अनुपात शरीर की हाइड्रेशन स्थिति और अन्य कारकों से बदल सकता है।
क्या मसल्स बनने से फैट कम होने के बावजूद वजन बढ़ सकता है?
एक्सरसाइज के दौरान शरीर में फैट और मांसपेशियों से जुड़े बदलाव एक साथ हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आप नियमित स्ट्रेंथ ट्रेनिंग कर रहे हैं और आपकी डाइट भी संतुलित है, तो शरीर में फैट कम होने के साथ मांसपेशियों की ग्रोथ हो सकती है। ऐसे में वजन मशीन पर बहुत बड़ा बदलाव न दिखे या वजन कुछ समय तक लगभग समान बना रहे, फिर भी शरीर की बनावट में सुधार हो सकता है।
एनसीबीआई के मुताबिक इसका एक कारण यह है कि मांसपेशियां और फैट अलग-अलग तरह के टिशू हैं। समान वजन होने पर मांसपेशियां फैट की तुलना में कम जगह घेरती हैं। इसलिए शरीर में मांसपेशियों का अनुपात बढ़ने और फैट घटने पर कमर का माप कम हो सकता है, कपड़ों की फिटिंग बदल सकती है और शरीर ज्यादा मजबूत महसूस हो सकता है।
इंटेनस वर्कआउट से टम्परेरी इंफ्लामेंशन और फ्लुइड रिटेनशन क्यों होता है?
एनसीबीआई के अनुसार जब आप सामान्य से ज्यादा वजन उठाते हैं, लंबे समय तक दौड़ते हैं या अचानक हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट करने लगते हैं, तो मांसपेशियों के टिशू पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इससे कुछ मांसपेशी कोशिकाओं में सूक्ष्म स्तर पर नुकसान हो सकता है। शरीर इस स्थिति को ठीक करने के लिए अपनी प्राकृतिक रिपेयर प्रक्रिया सक्रिय करता है।
इस प्रक्रिया में इम्यून सिस्टम की कोशिकाएं प्रभावित मांसपेशियों तक पहुंचती हैं और इंफ्लेमेशन से जुड़ी गतिविधियां शुरू होती हैं। इसके साथ प्रभावित जगह पर तरल पदार्थ जमा हो सकता है। नतीजतन मांसपेशियों में सूजन और दर्द महसूस हो सकता है। इस अस्थायी बदलाव के कारण वजन भी कुछ बढ़ा हुआ दिख सकता है।
वर्कआउट शुरू करने के बाद वजन बढ़ना हमेशा फैट बढ़ने का संकेत नहीं होता। मांसपेशियों की रिकवरी, ग्लाइकोजन के साथ पानी का जमा होना, अस्थायी सूजन और मसल्स में बदलाव इसके संभावित कारण हो सकते हैं। अपनी फिटनेस की प्रगति को केवल वजन मशीन से न आंकें। कमर का माप, ताकत, स्टैमिना और लंबे समय में बॉडी कंपोजिशन में होने वाले बदलाव भी देखें।

