एमा वॉटसन के लिए ड्रेसिंग रूम में घुसा स्टॉकर, चिल्लाया- मैं उनसे शादी करना चाहता हूं

एमा वॉटसन के लिए ड्रेसिंग रूम में घुसा स्टॉकर, चिल्लाया- मैं उनसे शादी करना चाहता हूं
आखिरकार वह शख्स पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया, जो पिछले काफी समय से हॉलीवुड सिलेब्रिटीज को स्टॉक कर रहा था। कुछ हफ्ते पहले इसने एक्ट्रेस ड्रयू बैरीमोर का पीछा किया था, और अब एमा वॉटसन के पीछे पड़ा था। हद तो तब हो गई, जब यह स्टॉकर एमा वॉटसन को ढूंढता-ढूंढता न्यू यॉर्क सिटी फैशन शो में ड्रेसिंग रूम में घुस गया। वहां वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि मैं एमा वॉटसन से शादी करना चाहता हूं।

न्यूज एजेंसी 'एपी' के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि इस स्टॉकर का नाम चैड माइकल बस्टो है। पिछले महीने यानी अगस्त में इसे ड्रयू बैरीमोर का पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि शनिवार को उसे दोषी न पाए जाने के कारण रिहा कर दिया गया था।

'मैं एमा वॉटसन से शादी करना चाहता हूं'

वहीं अभियोजकों के अनुसार, बस्टो ने फैशन शो के ड्रेसिंग रूम में प्रवेश किया और चिल्लाया- मैं Emma Watson से शादी करना चाहता हूं। मुझे एमा वॉटसन से बात करने दीजिए। मुझे एमा के साथ एक फोटो लेने दो।'

बैकस्टेज एरिया में घुसा स्टॉकर

किंग्स काउंटी कोर्ट में दायर किए गए कोर्ट डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, कहा जा रहा है कि वह ब्रुकलिन नेवी यार्ड में एक फैशन शो के बैकस्टेज एरिया में घुस गया। स्टॉकर बस्टो ने खुद को निर्दोष बताया और बिना जमानत के रिहा कर दिया गया। अब उसकी कोर्ट की अगली तारीख 2 अक्टूबर की है।

जाने को कहा तो गुस्से में भड़का

पुलिस ने बताया कि स्टॉकर के पास फैशन शो में शामिल होने की अनुमति नहीं थी। ऐसे में जब उसे वहां से जाने के लिए कहा गया, तो वह गुस्से में गया और जाने से इनकार कर दिया। इस स्टॉकर के कारण पूरा फैशन शो बाधित हो गया। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि एमा वॉटसन न्यू यॉर्क सिटी फैशन शो में शामिल हुई थीं या नहीं। एमा वॉटसन 2001 से फिल्मों में काम कर रही हैं। वह 'हैरी पॉटर' सीरीज में हरमायनी के किरदार से लोकप्रिय हुईं।

Advertisement