फिल्म ‘भूल भुलैया 3’ को लेकर चर्चा है कि इसमें कार्तिक आर्यन के अपोजिट सारा अली खान को कास्ट किया जा सकता है।
कार्तिक और सारा ने इससे पहले 2020 में रिलीज हुई इम्तियाज अली की फिल्म ‘लव आज कल’ में साथ काम किया था। इस फिल्म के दौरान दोनों का अफेयर था, बाद में कपल का ब्रेक अप हो गया था।
दिवाली 2024 में रिलीज होगी फिल्म
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट की मानें तो हॉरर-कॉमेडी ‘भूल भुलैया 3’ फरवरी 2024 में फ्लोर पर जाएगी। इसमें कार्तिक-सारा एक बार फिर से साथ काम करते नजर आ सकते हैं।
मेकर्स ने इस साल मार्च में इस फिल्म की अनाउंसमेंट की थी। फिल्म को दिवाली 2024 में रिलीज करने की प्लानिंग है।
मेकर्स ने लॉक कर दी है फिल्म की स्क्रिप्ट
कार्तिक, कियारा आडवाणी और तब्बू स्टारर ‘भूल भुलैया 2’ की सक्सेस को आगे बढ़ाते हुए डायरेक्टर अनीस बज्मी और प्रोड्यूसर भूषण कुमार इस फ्रैंचाइजी के तीसरे पार्ट पर काम कर रहे हैं।
यह फ्रैंचाइजी भूषण और कार्तिक दोनों की ही फेवरेट है। मेकर्स ने इसके तीसरे पार्ट की स्क्रिप्ट लॉक कर ली है और फरवरी 2024 में इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी।
फिर साथ काम करने के लिए एक्साइटेड हैं दोनों एक्टर्स
सूत्र बताते हैं कि कार्तिक और सारा दोनों ही इस फिल्म को शुरू करने के लिए एक्साइटेड हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों ही एक्टर्स कमाल के दोस्त हैं। दोनों प्रोफेशनल फ्रंट पर ‘भूल भुलैया 3’ के जरिए अपने रिश्ते सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। एक बार जब इसकी कास्टिंग अनाउसमेंट हो जाएगी तो यह टॉक ऑफ द टाउन बन जाएगी।
KWK 8 में सारा ने की थी ब्रेक अप पर बात
कॉफी विद करण सीजन 8 के एपिसोड में सारा ने कार्तिक के साथ अपने ब्रेक अप पर बात की थी। सारा ने बताया था कि उनके लिए हार्टब्रेक से डील करना कभी आसान नहीं था। वो इस शो में अनन्या पांडे के साथ नजर आई थीं।
कुछ इंटरव्यूज में सारा ने अपने ब्रेक अप के लिए मीडिया को भी जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि मीडिया में मेरे काम से ज्यादा मेरे रिलेशनशिप की चर्चा की जाती थी।
‘चंदू चैम्पियन’ पर बिजी हैं कार्तिक
वर्कफ्रंट पर कार्तिक इन दिनों ‘चंदू चैम्पियन’ पर बिजी हैं। वहीं डायरेक्टर अनीस बज्मी ‘भूल भुलैया 3’ के अलावा वरुण धवन को लेकर एक कॉमेडी फिल्म डायरेक्ट करने की प्लानिंग कर रहे हैं। यह फिल्म 2024 के सेकंड हाफ में फ्लोर पर जा सकती है।
कार्तिक की सबसे सक्सेसफुल फिल्म है ‘भूल भुलैया 2’
2022 में रिलीज हुई कार्तिक आर्यन स्टारर ‘भूल भुलैया 2’ साल की सबसे सक्सेसफुल फिल्मों में से एक थी। फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 266 करोड़ रुपए की कमाई की थी। यह कार्तिक के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म बनी।
अक्षय स्टारर ‘भूल भुलैया’ का सीक्वल थी ‘भूल भुलैया 2’
‘भूल भुलैया 2’ को अनीस बज्मी ने डायरेक्ट किया था। यह 2007 में रिलीज हुई अक्षय कुमार स्टारर ‘भूल भुलैया’ की सीक्वल थी। कार्तिक ने फिल्म में रुह बाबा का रोल प्ले किया था, वहीं तब्बू इसमें डबल रोल में थीं। दोनों के साथ कियारा आडवाणी का भी अहम रोल था।











